लखनऊ (ए)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान रविवार को लखीमपुर खीरी जिले में भड़की हिंसा में 4 किसानों समेत 8 लोगों की मौत (Death) हो गई. ये घटना तिकोनिया कोतवाली क्षेत्र के तिकोनिया-बनबीरपुर मार्ग पर हुई. खबरों के मुताबिक 2 एसयूवी वाहनों द्वारा कथित रूप से प्रदर्शनकारियों को टक्कर मारे जाने के बाद नाराज किसानों ने 2 एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) में आग लगा दी।
सीएम ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किए. सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा है ”जनपद लखीमपुर खीरी में घटित हुई घटना अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार इस घटना के कारणों की तह में जाएगी तथा घटना में शामिल तत्वों को बेनकाब करेगी व दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी.”
सरकार सख्त कार्रवाई करेगी
दूसरे ट्वीट में सीएम योगी ने कहा कि, ”मौके पर शासन द्वारा अपर मुख्य सचिव नियुक्ति, कार्मिक एवं कृषि, ए.डी.जी. कानून-व्यवस्था, आयुक्त लखनऊ तथा आई.जी. लखनऊ मौजूद हैं तथा स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रहे हैं. घटना में लिप्त जो भी जिम्मेदार होगा, सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.”
कार्रवाई का इन्तजार करें
एक अन्य ट्वीट में सीएम योगी ने कहा कि ”क्षेत्र के सभी लोगों से अपील है कि वे किसी के बहकावे में न आएं व मौके पर शान्ति-व्यवस्था कायम रखने में अपना योगदान दें. किसी प्रकार के निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मौके पर हो रही जांच तथा कार्रवाई का इन्तजार करें.”
8 लोगों की हुई मौत
इस बीच खीरी के जिलाधिकारी डॉ अरविंद कुमार चौरसिया ने तिकोनिया में मीडियाकर्मियों को बताया कि इस घटना में 4 किसान और 4 अन्य (एसयूवी सवार) मारे गए हैं. इस बीच, मृतक किसानों की पहचान बहराइच जिले के नानपारा निवासी दलजीत सिंह और गुरविंदर सिंह तथा पलिया-खीरी के लवप्रीत सिंह और नछत्तर सिंह के रूप में हुई है. 2 एसयूवी चालकों समेत 4 अन्य की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
जनपद लखीमपुर खीरी में घटित हुई घटना अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। @UPGovt इस घटना के कारणों की तह में जाएगी तथा घटना में शामिल तत्वों को बेनकाब करेगी व दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 3, 2021
विपक्षी दलों ने दी तीखी प्रतिक्रिया
इस घटना को लेकर विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल और भारतीय किसान यूनियन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और घटना के लिए भाजपा और गृह राज्यमंत्री के पुत्र पर आरोप लगाया है. केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ देश भर में किसानों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने मांग की है कि लखीमपुर खीरी में हुई घटना की जांच उत्तर प्रदेश प्रशासन से ना कराकर उच्चतम न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश से कराई जाए।















