टी20 वर्ल्ड कप 2022 सुपर-12 में इस जीत से दक्षिण अफ्रीका ग्रुप दो में पांच अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गया है, जबकि भारत दूसरे स्थान पर खिसक गया है, पाकिस्तान की टीम दो अंक के साथ पांचवें स्थान पर है…
नईदिल्ली (ए)। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया को रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2022 में साउथ अफ्रीका के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह इस वर्ल्ड कप में भारत की पहली हार है। इस शिकस्त के बाद कुछ ऐसे संयोग सामने आए जिसके बाद फैंस थोड़ा कन्फ्यूज है कि इस हार से दुखी होए या खुश। दरअसल साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली यह हार भारत के वर्ल्ड कप जीतने के संयोग बना रही है। जी हां, टी20 वर्ल्ड कप के इस संस्करण में कुछ ऐसा ही हो रहा है जो 11 साल पहले 2022 वर्ल्ड कप में महेंद्र सिंह धोनी के साथ हुआ था।
क्या कहते हैं संयोग 2011 वर्ल्ड कप में जब भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में खिताब उठाया था उस दौरान टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में एकमात्र मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही हारी थी। वहीं ग्रुप स्टेज में भारत के साथ उस समय नीदरलैंड्स भी थी। नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत सिर्फ दो ही बार खेला है और जब-जब भारत ने इस टीम को हराया है वह वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा है। 2011 वर्ल्ड कप से पहले भारत 2003 वर्ल्ड कप में भी नीदरलैंड्स से भिड़ा था। इसके अलावा 2011 वर्ल्ड कप में आयरलैंड ने इंग्लैंड को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।
इस बार टी20 वर्ल्ड कप में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। भारत ने नीदरलैंड्स को ग्रुप स्टेज में हराया वहीं साउथ अफ्रीका से टीम हारी। इसी के साथ ग्रुप-1 में आयरलैंड ने इंग्लैंड को धूल चटाई। भारत को टी20 वर्ल्ड कप में अगले दो मुकाबले बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलने है और दोनों ही मैचों में भारत का पलड़ा भारी है। अगर भारत अगले दो मैच जीतता है तो ग्रुप स्टेज में भारत के नाम एक ही हार रहेगी जो साउथ अफ्रीका ने दी है।
कैसा रहा था साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 133 रन ही बना सकी। भारत को इस स्कोर तक पहुंचाने में सूर्यकुमार यादव ने अहम भूमिका निभाई। 49 पर आधी टीम पवेलियन लौटने के बावजूद इस खिलाड़ी ने टीम को चुनौतीपूर्ण लक्ष्य तक पहुंचाया। हालांकि इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने एडन मारक्रम (52) और डेविड मिलर (59*) के बीच हुई 76 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी की बदौलत दो गेंद शेष रहते 5 विकेट पर 137 रन बनाकर ये मैच जीत लिया।
भारत बनाम दक्षिण अफीक्रा मैच का नतीजा आने के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप सुपर 12 के ग्रुप 2 में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। दक्षिण अफ्रीका ने एक अहम मुकाबले में भारत को 5 विकेट से हराकर ग्रुप 2 में टेबल टॉपर बन गई है। टीम के तीन मैचों में 5 अंक हो गए हैं और उसका नेट रन रेट भी ग्रुप में मौजूद अन्य टीमों से बेहतर है। अफ्रीका का इस समय नेट रन रेट +2.772 है, जिसका मतलब है कि दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने के काफी करीब है।
दक्षिण अफ्रीका की इस जीत से पाकिस्तान को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। क्योंकि भारत के मैच जीतने से पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रहती। हालांकि भारत के लिए भी अपने बाकी के बचे हुए दो मैचों की जीतना जरूरी हो गया है, क्योंकि अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद टीम के तीन मैचों में 4 अंक हैं और उसका नेट रन रेट +0.844 है। टीम का अगला मुकाबला बांग्लादेश और जिम्बाब्वे से है। अभी तक के प्रदर्शन पर नजर डाले तो टीम ये दोनों मैच जीत सकती है।
पाकिस्तान की सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप सुपर 12 के अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाए थे, जिसके कारण टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर थी। टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में अपना खाता खोला है, हालांकि पाकिस्तान की टीम भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच के नतीजे पर भी नजर गड़ाए हुए थी, क्योंकि अफ्रीका के हारने से पाकिस्तान को फायदा पहुंचता, क्योंकि भारत से हारने के बाद अफ्रीका को पाकिस्तान के खिलाफ भी खेलना था और ऐसे में पाकिस्तान के पास उसे हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने का बड़ा मौका होता, लेकिन भारत को हराने के साथ ही अफ्रीका के 5 अंक हो गए हैं और वह अन्य टीमों से सेमीफाइनल की रेस में काफी आगे है।















