रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं. उनकी ट्रेन से सफर करने की तस्वीर और वीडियो सामने आया है. ट्रेन में वह आम लोगों के बीच बैठकर उनसे बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं. छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा का चुनाव होना है. माना जा रहा है कि चुनाव से पहले राहुल गांधी जनता के बीच जाकर उसकी नब्ज टटोलने की कोशिश कर रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से तस्वीर पोस्ट करते हुए बताया गया कि राहुल गांधी बिलासपुर से रायपुर जा रहे हैं. उन्हें ‘जननायक’ लिखकर संबोधित किया गया है. वहीं, न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से पोस्ट किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी ट्रेन की स्लीपर क्लास बोगी में यात्रियों के बीच नजर आ रहे हैं, वह लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं और कुछ लोग मोबाइल फोन से उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश करते हुए नजर आ रहे हैं।
राहुल गांधी सोमवार को बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के परसदा गांव में राज्य सरकार के आवास न्याय सम्मेलन कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. वहां उन्होंने एक सभा को संबोधित किया, उसके बाद वह बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और रायपुर जाने के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी।
#WATCH | Congress MP Rahul Gandhi boards a train to travel from Bilaspur to Raipur in Chhattisgarh. pic.twitter.com/bguK6pCw7j
— ANI (@ANI) September 25, 2023
राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पार्टी के प्रदेश प्रमुख दीपक बैज और अन्य नेता भी ट्रेन से सफर करते हुए नजर आए. शेड्यूल के मुताबिक, जिस ट्रेन से राहुल गांधी रवाना हुए, उसका रायपुर पहुंचने का समय शाम 5:45 बजे का है. बता दें कि इस महीने की शुरुआत में छत्तीसगढ़ से होकर चलने वाली कई ट्रेनों को रद्द किए जाने पर कांग्रेस ने राज्यभर में रेल रोको प्रदर्शन किया था।















