पीएम मोदी के साथ बैठक में श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज सनथ जयसूर्या, चामिंडा वास, अरविंदा डि सिलवा, मरवान अट्टापट्टू और अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे। पीएम मोदी तीन दिवसीय दौरे पर श्रीलंका गए हुए थे…
नईदिल्ली (ए)। श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज और मौजूदा समय में मुख्य कोच सनथ जयसूर्या ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक खास मांग की है। पीएम मोदी ने हाल ही में श्रीलंका दौरे के दौरान श्रीलंकाई क्रिकेटरों के साथ मुलाकात की थी जिसमें जयसूर्या भी शामिल थे। बातचीत के दौरान जयसूर्या ने प्रधानमंत्री से जाफना में क्रिकेट स्टेडियम बनाने में मदद करने की मांग की।
पीएम मोदी के साथ बैठक में श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज सनथ जयसूर्या, चामिंडा वास, अरविंदा डि सिलवा, मरवान अट्टापट्टू और अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे। पीएम मोदी तीन दिवसीय दौरे पर श्रीलंका गए हुए थे। भारत के ऐतिहासिक तौर पर श्रीलंका के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। साथ ही जब श्रीलंका आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा था तो उस वक्त भी सबसे पहले भारत ने ही श्रीलंका के लिए मदद का हाथ बढ़ाया था।
सनथ जयसूर्या ने पीएम मोदी के साथ बातचीत के दौरान कहा, जब हमारे देश में संकट चल रहा था, उस वक्त आपने और आपकी सरकार ने हमारी काफी मदद की थी। हमारे यहां पेट्रोल, डीजल की कमी थी और बिजली भी नहीं थी, उस वक्त आपने हमारी मदद की जिसके लिए हम हमेशा आपके आभारी रहेंगे। श्रीलंका के कोच के तौर पर इस वक्त हम श्रीलंका में जाफना के बजाए हर स्थान पर खेलते हैं। अगर भारत जाफना में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने में मदद करेगा तो इससे जाफना के लोगों को बड़ी मदद मिलेगी। यह एक छोटी सी मांग, अगर पूरी हो सक तो।
सनथ जयसूर्या की इस मांग पर मोदी ने कहा, मुझे जयसूर्या के मुंह से यह बातें सुनकर अच्छा लगा। भारत का हमेशा मानना रहा है कि पड़ोसी पहले हैं और हमारी कोशिश रहती है कि जितनी जल्दी हो हम संकट में पड़ोसी देशों की मदद करें। अभी आपने देखा होगा कि म्यांमार में भूकंप आया, तो हम पहले उन देशों में थे जिसने मदद पहुंचाई। हमारा मानना है कि पड़ोसी और मित्र देशों की मदद करना हमारी जिम्मेदारी है। भारत एक बड़ा देश है।
पीएम मोदी ने कहा, श्रीलंका में जब आर्थिक संकट आया और बड़ी परेशानी थी, उस वक्त भारत का मत था कि श्रीलंका इस संकट से बाहर आना चाहिए और हम इसमें उसकी पूरी मदद करेंगे। हम तो इसे अपना कर्तव्य मानते हैं, लेकिन मुझे अच्छा लगा कि आपने (जयसूर्या) जाफना की चिंता की है। यह अपने आप में बहुच अच्छा संदेश जाएगा कि श्रीलंका का एक दिग्गज क्रिकेटर इस बात पर जोर दे रहा है कि जाफना में भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट होना चाहिए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मेरी टीम इस विषय पर जरूर नोट करेगी कि कैसे किया जा सकता है।
















