BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

संभाग आयुक्त एसएन राठौर ने भिलाई 03 एसडीएम कार्यालय एवं तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण

भिलाई 03। दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने आज भिलाई-3 में तहसील कार्यालय एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक सेवा केन्द्र, मॉडर्न रिकॉर्ड रूम के लिए आरक्षित कक्ष, तहसील न्यायालय एवं एसडीएम न्यायालय का अवलोकन किया।

न्यायालय में प्रकरणों के निराकरण की प्रगति पर संभाग आयुक्त ने संतुष्टि प्रकट की। इस अवसर एसडीएम महेश सिंह राजपूत, तहसीलदार पवन ठाकुर एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।

जिले में शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त: कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले में शासन की महत्वाकांक्षी योजनांतर्गत संचालित कार्यों का सफल व सुचारू क्रियान्वयन/अनुश्रवण/पर्यवेक्षण हेतु समस्त ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखण्ड दुर्ग अंतर्गत 74 ग्राम पंचायतों, विकासखण्ड धमधा अंतर्गत 117 ग्राम पंचायतों एवं विकासखण्ड पाटन अंतर्गत 106 ग्राम पंचायतों हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है।

उक्त अधिकारियों को अपने-अपने ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है। समस्त नोडल अधिकारियों को उक्त कर्तव्यों का पालन करते हुए अधिकृत पंचायत का समय सीमा में निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने कहा गया है। निरीक्षण के दौरान निर्धारित प्रपत्र अनुसार समस्त कार्यों का अवलोकन किया जाना आवश्यक है।

निरीक्षण प्रतिवेदन माह की 10 एवं 25 तारीख तक अनिवार्य रूप से भरा जाना आवश्यक है। कलेक्टर ने निरीक्षण प्रतिवेदन कार्यालय द्वारा निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन भरा जाना सुनिश्चित करने कहा है। अन्य माध्यमों से आवेदन प्रतिवेदन मान्य नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर कलेक्टर को सूचित करने कहा गया है।

नोडल अधिकारी केवल योजनाओं के निरीक्षण का कार्य संचालित करेंगे। किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्यवाही नही की जाएगी। इसके अलावा नोडल अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में सौंपे गए दायित्वों का पालन करते हुए समय-समय पर प्रगति कार्यों से कलेक्टर को अवगत कराना सुनिश्चित करने कहा गया है।

आगामी समय में नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी के अन्यत्र स्थानांतरण/सेवानिवृत्त/दीर्घकालीन अवकाश होने की स्थिति में संबंधित प्रभारी अधिकारी द्वारा नोडल अधिकारियों के कर्तव्य का निर्वहन किया जाएगा।

Related Posts