दुर्ग। जिले के महामाया केडिया रोड पत्थर खदान कुम्हारी में सड़क दुर्घटना के संबंध में दण्डाधिकारी जांच प्रारंभ हो गई है। विगत 09 अप्रैल 2024 को समय 20़.10 बजे महामाया पारा केडिया पत्थर खदान कुम्हारी में केडिया डिस्टलरी कंपनी के बस क्रमांक सीजी 07 सी 7783 के पत्थर खदान में गिरने से बस में बैठे लोगों को चोटे आई तथा 12 लोगों की मृत्यु हो गई है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा उक्त घटना के कारणों की दण्डाधिकारी जांच हेतु अनुविभागीय दण्डाधिकारी भिलाई-3 को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी भिलाई-3 महेश सिंह राजपूत द्वारा घटना की दण्डाधिकारी जांच प्रारंभ कर दी गई है।
जांच के बिन्दु इस प्रकार है- सड़क दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई?, क्या घटना के तत्काल बाद मृतकों एवं घायलों को पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था/सुविधा उपलब्ध करायी गई?, सड़क दुर्घटना के इस घटना के लिए कोई जिम्मेदार तो नहीं है?, अन्य बिन्दु जो जांच अधिकारी उचित समझे? तथा इस दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो, के संबंध में आवश्यक सुझाव? उक्त घटना के संबंध में जिस किसी व्यक्ति को जानकारी या लिखित सूचना देनी हो तो वे समाचार प्रकाशन के दिनांक से 15 दिवस के भीतर अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालय भिलाई-3 में उपस्थित होकर जानकारी या लिखित सूचना दे सकते हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया घटना स्थल का निरीक्षण: बुधवार को दुर्ग संभागायुक्त एसएन राठौर, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
#WATCH | Durg, Chhattisgarh: Visuals from the spot in Kumhari where a bus of Kedia Distilleries carrying labourers met with an accident yesterday leading to the death of 12 people. pic.twitter.com/nClvG2IHId
— ANI (@ANI) April 10, 2024
















