BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई ने परिचय सम्मेलन का आयोजन कर नवनियुक्त युवा पदाधिकारियों का किया सम्मान

भिलाई। श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई द्वारा आज समिति की युवा शाखा का परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। साथ ही साथ सभी युवा पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि समिति के संरक्षक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समिति के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने उपस्थित, कोर ग्रुप सदस्य तेजबहादुर सिंह, जिला अध्यक्ष सेवकराम साहू, युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंदन सिंह भदौरिया एवं युवा शाखा प्रभारी विनोद सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने समिति की रीति- नीति एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं और विभिन्न प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए नव मनोनीत युवा पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया। साथ ही समिति को और मजबूत बनाते हुए सामाजिक स्तर पर जनहित से जुड़े मुद्दों पर मुखरता से आवाज उठाने का आह्वान किया गया। मंचासीन सभी अतिथियों द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों का गमछा एवं डायरी-पेन के साथ सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की शुरूआत सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के परिचय के साथ हुई। जिसमें सभी पदाधिकारियों ने अपना परिचय देते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। सभी पदाधिकारियों ने इस दौरान समिति के कोर ग्रुप सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए जनहित में कार्य करने के लिए संगठन का सदस्य बनाये जाने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। समिति के संरक्षक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समिति के मूल उद्देश्य और भविष्य की कार्ययोजनाओं को लेकर अपना मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि जब देश में राममंदिर निर्माण के लिए आंदोलन शुरू हुआ तो श्रीराम जन्मोत्सव समिति के साथ अन्य प्रांतों से भी विभिन्न संगठनों ने इसमें सहभागिता दी। वक्त के साथ- साथ सबका आंदोलन थमता गया लेकिन श्रीराम जन्मोत्सव समिति ने लगातार आंदोलन का झंडा उठाये रखा और इसका परिणाम हमें गत वर्ष 5 अगस्त को मिला। देश की शीर्ष न्यायालय ने देश के करोड़ों श्रीराम भक्तों के पक्ष में अपना निर्णय दिया और देशविरोधी एवं देश की संस्कृति का मजाक उड़ाने वाले लोगों के नापाक इरादों पर पानी फेर दिया। श्री पाण्डेय ने कहा कि देश की नरेंद्र मोदी सरकार ने न केवल एक लोकतांत्रिक सरकार के रूप में देश का विकास किया बल्कि देश की संस्कृति की रक्षा के साथ- साथ विश्व में इसका डंका बजाया। हम सभी का यह सौभाग्य है कि हम जब अन्य राष्ट्रों में जाते हैं तो लोग वहां भारतीयों का सम्मान करते है। उन्होंने कहा कि हम सभी को वैचारिक आधार पर जो राष्ट्रवादी विचारधारा के खिलाफ हैं, हमें उनके खिलाफ लड़ाई लड़नी है।  हम सभी को हनुमान के रूप में अहंकारियों को अहंकार तोड़ना है। सबको जमीनी स्तर की लड़ाई लड़नी है। इसके लिए यह जरूरी है कि संगठन का विस्तार होना चाहिए, अधिक से अधिक लोगों तक समिति की रीति- नीति पहुंचनी चाहिये।

समिति के युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने इस दौरान सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हम सभी के लिए यह बहुत ही हर्ष का विषय है कि समिति निरंतर 36 वर्षों से हिन्दुत्व का ध्वज उठाए आगे बढ़ रही है। वर्ष 1986 से लेकर आज वर्ष 2021 तक समिति द्वारा हिन्दुत्व का भाव लेकर लगभग 1000 से अधिक मंदिरों से आज ध्वजयात्रा निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्रीराम जिन्होंने इस संसार को मार्गदर्शन दिया, उन्हीं के पदचिन्हों पर चलकर आज समिति अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हमारी प्रेरणा है, जिनके अनुरूप आज हम राष्ट्र्र औऱ हिन्दुत्व की रक्षा की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह संघ के राष्ट्र प्रथम है, उसी प्रकार हम भी राष्ट्र को सर्वप्रथम मानते हैं और साथ ही हिन्दुत्व की रक्षा के लिए भी तत्पर रहते हैं। समिति को वर्ष 2017 में बडे़ संगठन का रूप दिया गया, जिसके बाद हिन्दुत्व की रक्षा के साथ ही हमारी सामाजिक दायित्व भी बढ़ गई। श्री पाण्डेय ने कहा कि हम सभी के लिए यह हर्ष का विषय है कि हमारे सभी सदस्यों ने इन सभी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। उन्होंने कहा कि गत ढाई वर्षों से भिलाई शहर में विकास की गति रूक गई है। लोगों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लोगों को आज पीने के साफ पानी तक नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में हमारी समिति लगातार इन जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज मुखर कर जनहित की लड़ाई लड़ रही है। श्री पाण्डेय ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए चल रहे आंदोलन के बीच ही श्रीराम जन्मोत्सव समिति का जन्म हुआ और हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि हमने लगातार इस आंदोलन में अपनी सहभागिता दी और आखिरकार हमारी पीढ़ी को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ कि गत वर्ष 5 अगस्त को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के जिलाध्यक्ष  सेवकराम साहू ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि समिति का विस्तार आज जिले में 10 प्रखण्डों तक हो चुका है। यह हमारे लिए बहुत गर्व का विषय है कि समिति अपने मूल उद्देश्यों के साथ- साथ आज अपने सामाजिक दायित्वों का भी बखूबी निर्वहन कर रही है। जिस तरह किसी राष्ट्र की प्रगति में युवा शक्ति का अमूल्य योगदान होता है, उसी प्रकार समिति में भी हमारे सभी युवा साथियों को इस मूलमंत्र के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहना है और समिति को और मजबूत बनाना है। समिति के युवा शाखा प्रभारी विनोद सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए युवा साथियों में उर्जा का संचार किया और कोरोनाकाल में जरूरतमंदों तक सेवाएं पहुंचाने के लिए सभी साथियों को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि समिति निरंतर तीन दशकों से भी अधिक समय से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। हम सभी को मिलकर संगठन को और भी अधिक मजबूत बनाना है और धर्म की रक्षा के साथ ही सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी करना है। समिति के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने, कोर ग्रुप के सदस्य तेजबहादुर सिंह, प्रवक्ता जयप्रकाश यादव, एवं युवा शाखा महामंत्री दिलीप केशरवानी ने भी इस दौरान उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए अपने विचार रखे और सभी साथियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन समिति के युवा शाखा महामंत्री रिंकू साहू एवं धन्यवाद ज्ञापन दिलीप केशरवानी ने किया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदीप गुप्ता, संदीप शर्मा, रोहित तिवारी, प्रशम दत्ता, विष्णु मिश्रा, गुरप्रीत सिंह वाधवा, रोहन सिंह, सीएच कन्हैया, पवन कल्याण, मो. आसिफ, रेहान अहमद, सोहेल खान, यशवंत राजपूत, कमलेश दुबे, एस. राजशेखर, अक्षय कुर्रे, शंकर केड़िया, अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रीराम भक्त उपस्थित थे।

Related Posts