चंद्रयान-3 मिशन का प्रज्ञान रोवर चांद की सतह पर चहलकदमी कर रहा है. इसरो ने रोवर का ताजा वीडियो जारी किया है…
बेंगलुरु (ए)। चंद्रमा पर चंद्रयान-3 के लैंडिंग वाली जगह का नाम ‘शिवशक्ति’ प्वाइंट होगा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को इसरो के वैज्ञानिकों की टीम से मुलाकात के दौरान ये घोषणा की। इसरो ने इसी बीच बताया कि चंद्रयान-3 मिशन का रोवर चांद पर चहलकदमी कर रहा है. इसरो ने प्रज्ञान रोवर की वीडियो जारी करते हुए ट्वीट कर कहा, “चांद के दक्षिणी ध्रुव पर रहस्यों की खोज में प्रज्ञान रोवर शिवशक्ति प्वाइंट के आसपास घूम रहा है।”
इसरो ने दिया लेटेस्ट अपडेट स्पेस एजेंसी ने ये भी बताया कि चंद्रयान-3 मिशन के तीन में से दो उद्देश्य हासिल कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे उद्देश्य के तहत वैज्ञानिक प्रयोग जारी हैं. इसने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन के सभी पेलोड सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
सभी पेलोड ठीक से कर रहे काम इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन के तीन उद्देश्यों में से, चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग का प्रदर्शन पूरा हो गया है. चंद्रमा पर रोवर के घूमने का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है. तीसरे उद्देश्य के तहत वैज्ञानिक प्रयोग जारी हैं. सभी पेलोड ठीक से काम कर रहे हैं।
Chandrayaan-3 Mission:
🔍What's new here?Pragyan rover roams around Shiv Shakti Point in pursuit of lunar secrets at the South Pole 🌗! pic.twitter.com/1g5gQsgrjM
— ISRO (@isro) August 26, 2023
23 अगस्त को मनाया जाएगा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ये भी कहा कि चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर चंद्रयान-2 ने 2019 में अपने पदचिह्न छोड़े थे, उसे तिरंगा प्वाइंट के नाम से जाना जाएगा. साथ ही पीएम ने कहा कि 23 अगस्त का दिन राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर ने 23 अगस्त की शाम को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की थी. लैंडिंग के कुछ घंटे बाद प्रज्ञान रोवर लैंडर से बाहर आया था. इसी के साथ चांद के इस हिस्से पर पहुंचने वाला भारत पहला देश बन गया था।















