आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए दिखे थे, लेकिन इंजरी के कारण कई मैच नहीं खेल पाए. हालांकि शिखर आईपीएल 2025 में खेलते हुए नजर आ सकते हैं क्योंकि उन्होंने आईपीएल से संन्यास को लेकर अपने वीडियो में कोई बात नहीं कही…
नईदिल्ली (ए)। शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। 37 साल के इस खिलाड़ी ने 2010 में भारत के लिए डेब्यू किया था।
अपने 13 साल के करियर में वह 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। संन्यास का एलान करते हुए धवन ने कहा कि अगर अब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो ढेरों यादें नजर आती हैं और जब आगे देखता हूं तो पूरी दुनिया।
धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में पहला टेस्ट खेला था। 2013 से वह अब तक 34 टेस्ट में हिस्सा ले चुके हैं। धवन को पिछली बार 2018 में टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिला था। उन्होंने क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में 40.61 की औसत से 2315 रन बनाए। इस दौरान सात शतक और पांच अर्धशतक लगाए। धवन का सर्वाधिक स्कोर 190 रन है।
वनडे और टी20 में भी सफल हुए धवन
शिखर ने भारत के लिए पहला वनडे 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेला था। वह 167 मैचों में 6793 रन बना चुके हैं। धवन ने 44.11 की औसत और 91.35 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनके नाम 17 शतक और 39 अर्धशतक हैं। टी20 करियर की बात करें तो 68 मैचों में धवन ने 1759 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 11 अर्धशतक निकले हैं।
आईपीएल में भी चला है धवन का बल्ला
धवन ने आईपीएल में भी जमकर रन बनाए हैं। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल बल्लेबाजों में एक हैं। वह सर्वाधिक रन बनाने के मामले में विराट कोहली के बाद दूसरे स्थान पर हैं। धवन ने 222आईपीएल मैचों में 6769 रन बनाए हैं। इस दौरान दो शतक और 51 अर्धशतक लगाए हैं। धवन का औसत 35.26 और स्ट्राइक रेट 127.14 का रहा है।
आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए दिखे थे, लेकिन इंजरी के कारण कई मैच नहीं खेल पाए. हालांकि शिखर आईपीएल 2025 में खेलते हुए नजर आ सकते हैं क्योंकि उन्होंने आईपीएल से संन्यास को लेकर अपने वीडियो में कोई बात नहीं कही।
शिखर धवन ने 1 मिनट 17 सेकंड के वीडियो में कहा- नमस्कार सभी को… आज एक ऐसे मोड़ पर खड़ा हूं. जहां से पीछे देखने पर केवल यादें ही नजर आती हैं, और आगे देखने पर पूरी दुनिया… मेरी हमेशा से एक ही मंजिल थी, इंडिया के लिए खेलना. वो हुआ भी, इसके लिए मैं कई लोगों का शुक्रगुजार हूं, सबसे पहली मेरी फैमिली, मेरे बचपन के कोच तारक सिन्हा जी…मदन शर्मा जी, जिनके अंडर मैंने क्रिकेट सीखी।

















