BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

शिक्षक दिवस के अवसर पर एसपी एसटीएफ त्रिलोक बंसल की उपस्थिति में जवानों को दिया गया सीपीआर प्रशिक्षण

दुर्ग। दिनांक 05 सितम्बर 2025 को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के जवानों हेतु आयोजित एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्पर्श अस्पताल भिलाई के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) विषय पर जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर स्पर्श अस्पताल भिलाई के विशेषज्ञ डॉ. ए.पी. सावंत (शिशु रोग विशेषज्ञ), डा. आनंद साहू (आर.एम.ओ.) एवं अस्पताल टीम द्वारा जवानों को CPR की आवश्यकता, इसके उपयोग की परिस्थितियाँ, तकनीक, प्रयोग का समय तथा इसे सही ढंग से लागू करने की विधि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि जब अचानक किसी व्यक्ति की स्वास रुक जाए, दिल की धड़कन बंद हो जाये या अचानक बेहोशी की स्थिति आ जाए तो सीपीआर दिया जाता है।

सीपीआर तकनीक हृदय और फेफड़ो के कार्य को अस्थायी रुप से चालू रखने में मदद करती है और आपात स्थिति में जीवन बचाने का यह सबसे प्रभावी तरीका है। सीपीआर देने के लिए सही मुद्रा, सीने पर दबाव, कृत्रिम श्वसन और AED मशीन के उपयोग की जानकारी देने के साथ व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया एवं जवानों को भी अभ्यास कराया गया, जिससे जवान आपातकालीन स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी रूप से जीवन रक्षक उपाय अपना सकें।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान त्रिलोक बंसल पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ, आकाश कुमार शुक्ला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जयंत वैष्णव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। त्रिलोक बंसल, पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ द्वारा इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि फोर्स के जवान देश की सुरक्षा में सदैव अग्रिम पंक्ति में रहते है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से आपातकालीन परिस्थितियों में साथी जवान एवं आम नागरिकों का जीवन बचाना संभव होगा। ऐसे प्रशिक्षण पुलिस बल को न केवल आत्मनिर्भर बनाते हैं, बल्कि आमजन की सुरक्षा एवं सेवा में भी सहायक सिद्ध होते हैं।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को आपातकालीन चिकित्सीय परिस्थितियों में सक्षम बनाना तथा नागरिकों के जीवन की रक्षा हेतु आवश्यक चिकित्सीय कौशल प्रदान करना है। कार्यक्रम में एसटीएफ के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। अंत में पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ द्वारा स्पर्श अस्पताल भिलाई की टीम का आभार व्यक्त करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

Related Posts