BREAKING

Uncategorised

वृद्धजनों की हितैषी बनी रायगढ़ पुलिस: लाचार होकर रेलवे स्टेशन पर रह रहे वृद्ध का कराया मोतियाबिंद का ऑपरेशन, किया भोजन का व्यवस्था

रायगढ़। कोविड की दूसरी लहर दौरान पुलिस अधीक्षक रायगढ़ संतोष सिंह द्वारा जरूरतमंदों के साथ-साथ विशेष रूप से सभी प्रभारियों को उनके क्षेत्र के निराश्रित वृद्धजनों से भेंट कर उनकी मदद करने निर्देशित किया गया था। इस हेतु गठित ‘पुलिस हेल्प डेस्क’ के माध्यम से सभी थाना क्षेत्र में अभियान स्वरूप हजारों निराश्रित लोगों को जन सहयोग से सूखा राशन का वितरण व अन्य सहयोग प्रभारियों द्वारा किया गया था, जिससे कुछ राहत उन्हें मिली।

थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक उत्तम साहू, कोविड की प्रथम लहर दौरान मजदूर वर्ग की परेशानी को करीब से देखे थे, इस कारण वे कोविड की दूसरी लहर में मजदूर वर्ग के लोगों तक मदद पहुंचाने में लगे थे। इसी दरम्यान उन्हें जिला मुंगेली निवासी राकेश त्रिवेदी (उम्र 75 वर्ष) की व्यथा पता चली। वृद्ध राकेश त्रिवेदी जो पिछले 55 सालों से अपने परिवार से दूर रायगढ़ जिले में होटल, ढाबो में काम कर गुजर बसर कर रहा था, लेकिन लॉक डाउन में होटल ढाबा बंद होने के कारण उसके सामने भूखों मरने की स्थिति थी ऊपर से उसकी दोनों आंखों में मोतियाबिंद होने से उसे दिखना बंद हो गया था।

वृद्ध लाचार होकर रेलवे स्टेशन भूपदेवपुर के प्लेटफार्म को अपना अस्थाई निवास बनाकर रह रहा था। ऐसे में बुजुर्ग व्यक्ति को थाना प्रभारी उत्तम साहू लॉकडाउन के डेढ माह तक उसे दोनों समय का भोजन उपलब्ध कराये बल्कि समय-समय पर उसे देखने पहुंच जाते। वृद्ध कमजोरी से उबरने पर टीआई साहू उसे रायगढ स्थित सिद्धेश्वर नेत्रालय में ले जाकर उसके मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराये हैं और आगे भी उसके भोजन आदि की व्यवस्था करा रहे हैं।

Related Posts