विराट कोहली ने वनडे फॉर्मेट में अपना 50वां शतक पूरा कर लिया है. इस शतक के साथ दिग्गज सचिन को पछाड़ कोहली फॉर्मेट में सबसे ज़्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं…
मुंबई (ए)। विराट कोहली ने मुंबई के वनाखेड़े स्टेडियम में ऐतिहासिक पारी खेलते हुए वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ शतक जड़ दिया. इस शतक के साथ किंग कोहली ने वनडे मे सबसे ज़्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. कोहली ने 106 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से शतक पूरा किया. यह कोहली का वनडे का 50वां शतक रहा और वे एकदिवसीय फॉर्मेट में 50 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज़ बने। वानखेड़े स्टेडियम में सचिन तेंडुलकर स्वयं मौजूद है और मैच का आनंद ले रहे, विराट कोहली ने उनके सामने ही उनके दो बड़े रिकार्ड तोड़कर अपने नाम कर लिया है।
पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर 49 वनडे शतक लगाए थे, लेकिन अब कोहली ने दिग्गज के रिकॉर्ड को धराशाई कर दिया है. दिग्गज तेंदुलकर ने अपने करियर में 463 वनडे मुकाबले खेले. वहीं किंग कोहली अपना 291वां एकदिवसीय मुकाबला खेल रहे हैं. इसके अलावा कोहली ने वर्ल्ड कप के एक एडीशन में सबसे ज़्यादा रन बनाने का (711) रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. इस मामले में भी कोहली ने सचिन तेंदुलकर को पछाड़ा।
कोहली से पहले वर्ल्ड कप के एक एडीशन में सबसे ज़्याद रन सचिन तेंदुलकर ने बनाए थे. सचिन ने 2003 के वर्ल्ड कप में 673 रन स्कोर किए थे. लेकिन अब कोहली ने उनके इस रिकॉर्ड पर भी अपना नाम लिखवा लिया है. 48 साल पुराने वर्ल्ड कप के इतिहास में कोहली एक संस्करण में सबसे ज़्यादा रन स्कोर करने वाले बल्लेबाज़ बने हैं।
गौरतलब है कि कोहली अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज़ हैं. 50वें वनडे शतक के ज़रिए कोहली ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 80वां शतक जड़ा. वनडे में 50 शतकों के अलावा कोहली टेस्ट क्रिकेट में 29 और टी20 इंटरनेशनल में 1 शतक जड़ चुके हैं. वहीं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है, जिन्होंने अपने करियर में 100 शतक लगाए थे।















