भारतीय टीम की ओर से कप्तान यश ढुल ने 110 गेंदों पर 110 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को फ्रंट से लीड किया, इस दौरान यश एक खास मामले में विराट कोहली के क्लब में शामिल हो गए हैं…
नईदिल्ली (ए)। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 का खिताब भारत या इंग्लैंड में से कोई एक टीम उठाएगी। बुधवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को एकतरफा मुकाबले में 96 रनों से पीटकर शान से फाइनल का टिकट कटाया। इंग्लैंड पहले ही फाइनल में जगह बना चुका है।
भारतीय टीम की ओर से कप्तान यश ढुल ने 110 गेंदों पर 110 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को फ्रंट से लीड किया। इस दौरान यश एक खास मामले में विराट कोहली के क्लब में शामिल हो गए हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप में सेंचुरी लगाने वाले यश भारत के महज तीसरे कप्तान हैं। उनसे पहले यह कारनामा विराट कोहली और उन्मुक्त चंद कर चुके हैं।
ढुल जिस समय बल्लेबाजी करने आए थे, उस समय टीम इंडिया की स्थिति कोई बहुत अच्छी नहीं थी, लेकिन उन्होंने शेख रशीद के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 204 रनों की साझेदारी निभाकर टीम इंडिया को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। विराट कोहली ने 2008 में और उन्मुक्त चंद ने 2012 में भारत की कप्तानी करते हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में सेंचुरी ठोकी थी।
विराट कोहली ने 2008 में ग्रुप मैच के दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ 74 गेंद पर 100 रनों की पारी खेली थी, वहीं उन्मुक्त ने 2012 अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नॉटआउट 111 रन बनाए थे। मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। 37 रनों के स्कोर तक भारत ने अंगऋषि रघुवंशी और हरनूर सिंह का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद ढुल और रशीद ने मिलकर पहले पारी को संभाला और फिर जमकर चौके-छक्के लगाए। रशीद 108 गेंद पर 94 रन बनाकर आउट हुए, वहीं ढुल ने 110 गेंद पर 110 रनों की पारी खेली।
WHAT. A. PERFORMANCE! 💪 👌
India U19 beat Australia U19 by 9⃣6⃣ runs & march into the #U19CWC 2022 Final. 👏 👏 #BoysInBlue #INDvAUS
This is India U19's 4th successive & 8th overall appearance in the U19 World Cup finals. 🔝
Scorecard ➡️ https://t.co/tpXk8p6Uw6 pic.twitter.com/tapbrYrIMg
— BCCI (@BCCI) February 2, 2022
इन दोनों की 204 रनों की साझेदारी के दम पर भारत ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 290 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 41.5 ओवर में ही 194 रनों पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से लचलन शॉ ने सबसे ज्यादा 51 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से विकी ओत्सवाल ने तीन जबकि रवि कुमार और निशांत सिंधु ने दो-दो विकेट लिए। कौशल ताम्बे और अंगऋषि रघुवंशी के खाते में एक-एक विकेट गया।















