पहलवान विनेश फोगट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर पूर्व WFI अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह भड़क गए। उन्होंने कहा कि विनेश और बजरंग ने राजनीति के लिए बेटियों का इस्तेमाल किया, बेटियों को बदनाम किया। वे बेटियों के सम्मान के लिए नहीं लड़ रहे थे, वे राजनीति के लिए लड़ रहे थे…
नईदिल्ली (ए)। गोंडा में भारतीय पहलवान विनेश फोगट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर पूर्व WFI अध्यक्ष और भाजपा नेता बृज भूषण शरण सिंह ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 18 जनवरी 2023 में जब जंतर-मंतर पर धरना शुरू हुआ था तो मैंने पहले दिन कहा था कि यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है, इसके पीछे कांग्रेस है। विशेषकर भूपेंद्र हुड्डा, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी।
उन्होंने कहा कि आज यह बात सच साबित हुई कि इस पूरे आंदोलन में जो हमारे खिलाफ षड्यंत्र के तहत किया गया उसमें कांग्रेस शामिल थी और इसका नेतृत्व भूपेंद्र हुड्डा कर रहे थे। मैं हरियाणा के लोगों को बताना चाहता हूं कि भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, बजरंग या विनेश, ये लोग लड़कियों के सम्मान के लिए (धरने पर) नहीं बैठे थे।
इनके कारण हरियाणा की बेटियों को शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है। इसके लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं, इसके लिए भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा और ये प्रदर्शनकारी जिम्मेदार हैं। वे उस दिन क्या जवाब देंगे जब यह साबित हो जाएगा कि जिस घटना के आरोप लगाए जा रहे हैं, उस दिन मैं दिल्ली में मौजूद नहीं था? उन्होंने राजनीति के लिए बेटियों का इस्तेमाल किया, बेटियों को बदनाम किया। वे बेटियों के सम्मान के लिए नहीं लड़ रहे थे, वे राजनीति के लिए लड़ रहे थे।
पूर्व डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि “हरियाणा खेल के क्षेत्र में भारत का सिरमौर है। जिस तरह से इन लोगों ने कुश्ती गतिविधियों को लगभग 2.5 साल तक रोक दिया, क्या यह सच नहीं है कि बजरंग एशियाई खेलों में बिना ट्रायल के चले गए?”
















