चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 176 रन बनाए थे, लेकिन रोहित और सूर्यकुमार ने दूसरे विकेट लिए शतकीय साझेदारी की जिससे मुंबई ने 15.4 ओवर में एक विकेट पर 177 रन बनाकर मैच जीत लिया…
मुंबई (ए)। सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा की शानदार साझेदारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को नौ विकेट से हराया। यह आईपीएल में विकेट के लिहाज से मुंबई की दूसरी बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2008 में वानखेड़े में ही सीएसके को नौ विकेट से हराया था और अब 17 साल बाद मुंबई ने यह कारनामा दोहराया है। मुंबई की आईपीएल में सबसे बड़ी जीत भी सीएसके के खिलाफ रही है। मुंबई ने 2020 में सीएसके को 10 विकेट से हराया था।
चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 176 रन बनाए थे, लेकिन रोहित और सूर्यकुमार ने दूसरे विकेट लिए शतकीय साझेदारी की जिससे मुंबई ने 15.4 ओवर में एक विकेट पर 177 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुंबई के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रोहित 45 गेंदों पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 68 रन बनाए।
मुंबई की यह आठ मैचों में चौथी जीत है और वह आठ अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर आ गई है। मुंबई ने गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को पीछे छोड़ दिया है जो सातवें स्थान पर है। वहीं, सीएसके को आठ मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा और वह तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है। गुजरात टाइटंस की टीम शीर्ष पर मौजूद है।
















