BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

वाराणसी की इस महिला को पीएम मोदी ने दिया चुनाव लडने का ऑफर: महिला ने दिया ये जवाब, फिर पीएम ने दिया बड़ा टास्क

वाराणसी पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने चंदा दंवी नाम की एक महिला से बात की. इस दौरान प्रधानमंत्री ने महिला को चुनाव लड़ने का ऑफर दिया…

वाराणसी (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लिए करीब 19,150 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इसके साथ ही पीएम मोदी ने वाराणसी-नई दिल्ली रूट पर एक और वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई. इसके बाद पीएम मोदी ने सेल्फ हेल्प समूह में शामिल महिलाओं से बात की।

इस दौरान पीएम मोदी ने सेवापुरी गांव में भाषण दे रही एक महिला से पूछा कि चंदा देवी आपकी कितनी पढ़ाई हुई है? इसपर महिला ने कहा कि वो इंटर पास हैं. इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि आप इतना अच्छा भाषण करती हैं, चुनाव लड़ी हो क्या? चुनाव लड़ोगी? इसपर महिला ने कहा कि नहीं सर।

बच्चों को अच्छे कॉलेज में भेजना चाहती हैं चंदा
चंदा देवी ने कहा, ”आपसे हम प्रभावित होते हैं, आप जो काम करते हैं…हम उससे कदम मिलाकर चलते हैं. इस वजह से हमने जो भी हासिल किया है, आपके सामने उपस्थित हैं. आपके सामने हम बोल रहे हैं.” आगे उन्होंने कहा, ”मेरी बेटी सातवीं में है, बेटा तीसरी क्लास में है. हम अच्छे से अच्छे कॉलेज में पढ़ाएंगे, अगर आर्थिक स्थिति अच्छी रही. बैंक सखी में काम करते हुए हम हर कर्तव्य को पूरा करते हैं।”

‘दो करोड़ माताओं को लखपति बनाना है’ इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि मेरा सपना है कि देश में, गांवों में आपके जैसे जो माताएं हैं, उनमें से दो करोड़ माताओं को लखपति बनाना है. आपकी बात जब सुनेंगे तो लोगों को विश्वास हो जाएगा कि लखपति बन जाएंगे. इसके बाद महिला ने कहा, ”यहां बोलने का लोगों को बोलने का मौका नहीं मिलता है. लेकिन हमारे गांव में हर समूह से दो तीन महिलाएं लखपति दीदी बन गई होंगी।”

पीएम मोदी ने महिला को दिया टास्क पीएम मोदी ने इसके बाद महिला को टास्क दिया. पीएम मोदी ने कहा कि आजकल शादी विवाह और जन्मदिन में खड़े होकर खाने का प्रचलन शुरू हो गया है. लोगों को लगता है कि दोबारा मिलेगा नहीं तो थाली भर लेते हैं, फिर आधा छोड़ देते हैं…आप ये ट्रेनिंग दे सकती हैं कि खाना कैसे परोसना है तो, खाना तो बचेगा ही. लोगों को भी अच्छी सर्विस मिल जाएगी और आपकी बहनों की कमाई हो जाएगी।

चंदा और पीएम मोदी की बातचीत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. चंदादेवी सरकारी योजना ‘लखपति दीदी’ के तहत जरूरतमंदों को लोन दिलाने से लेकर गांव की सहायता समूह में शामिल महिलाओं के लगभग 80-90 बैंक खातों को देखती हैं।

 

Related Posts