अहमदाबाद/रायपुर। अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान प्रतिष्ठित वाडीलाल ग्रुप ने छत्तीसगढ़ में निवेश की गहरी रुचि दिखाई। समूह के प्रबंध निदेशक देवांशु गांधी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर राज्य में आइसक्रीम, फ्रोजन फूड और अन्य प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्माण की इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।
श्री गांधी ने कहा कि कंपनी अब तक पश्चिमी और उत्तरी भारत में अपने उत्पादों का सफल संचालन कर रही है, और अब वह पूर्वी भारत, विशेषकर छत्तीसगढ़ में अपने उत्पादन और वितरण नेटवर्क को बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने वाडीलाल ग्रुप के इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग और सुगम प्रक्रियाएँ उपलब्ध कराएगी।
वेल्सपन समूह सहित उद्योगपतियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश की इच्छा जताई: अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान वेल्सपन समूह के निदेशक व एसोचैम गुजरात के अध्यक्ष चिन्तन ठाकर ने एसोचैम गुजरात के सह अध्यक्ष जेमिन शाह सहित अन्य कंपनी के प्रमुखों के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भेंट की। उद्योगपतियों ने छत्तीसगढ़ के खनिज, धातु, उर्वरक, पेट्रो केमिकल, एनर्जी और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की और राज्य में औद्योगिक सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।
गुजरात के उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ में निवेश की जताई इच्छा: अहमदाबाद में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गुजरात के उद्योग समूह के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री के गुजरात आगमन पर हार्दिक स्वागत किया।
उद्योगपतियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ बहुत समृद्ध और सुविधाजनक राज्य है, जहाँ निवेश के लिए बहुत अच्छे अवसर हैं। उन्होंने बताया कि वे छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाने में रुचि रखते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है और राज्य सरकार हर उद्योगपति को पूरा सहयोग देगी।
चिरिपाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशक ज्योति प्रसाद चिरिपाल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात: अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान चिरिपाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशक ज्योति प्रसाद चिरिपाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की।
श्री चिरिपाल ने छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल, डेनिम, यार्न और फैब्रिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की और औद्योगिक सहयोग की इच्छा व्यक्त की।
निरमा ग्रुप के चेयरमैन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से अहमदाबाद में की मुलाकात: अहमदाबाद में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसिद्ध उद्योगपति और निरमा ग्रुप के चेयरमैन डॉ. कारसनभाई के. पटेल से मुलाकात की।
इस दौरान छत्तीसगढ़ में उद्योग और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य की नई औद्योगिक नीति और निवेश के अनुकूल वातावरण की जानकारी दी। डॉ. पटेल ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की और छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में रुचि व्यक्त की।
















