भारत के ओपनिंग बैटर डेंगू की चपेट में हैं. अगर वे ठीक नहीं हुए तो केएल राहुल या ईशान किशन को ओपनिंग का मौका मिल सकता है…
नईदिल्ली (ए)। विश्व कप 2023 का अहमदाबाद से आगाज हो चुका है. भारत का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया से है. यह मुकाबला रविवार को चेन्नई में खेला जाएगा. इससे ठीक पहले भारतीय फैंस के लिए बुरी खबर है. शुभमन गिल डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं. वे डेंगू की वजह से प्रैक्टिस के लिए भी नहीं गए. अब भारत के साथ ओपनिंग को लेकर संकट है. अगर शुभमन फिट नहीं हुए तो केएल राहुल और ईशान किशन में से किसी एक को मौका दिया जा सकता है. शुभमन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच से बाहर हो सकते हैं।
अगर शुभमन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले फिट नहीं हुए तो भारत रोहित के साथ किसी और खिलाड़ी को मौका देगा. ऐसी स्थिति में भारत के पास दो विकल्प हैं. पहला विकल्प विकेटकीपर बैटर केएल राहुल का है. वहीं दूसरा विकल्प ईशान किशन हैं. राहुल के पास बड़े मैचों में खेलने का अनुभव है. वहीं ईशान अभी राहुल के मुकाबले में कम अनुभवी हैं. लिहाजा अनुभव के आधार पर राहुल को ओपनिंग का मौका दिया जा सकता है।
केएल राहुल की बात करें तो उन्होंने वनडे में ओपनिंग करते हुए तीन शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं. उन्होंने नंबर 1 पर बैटिंग करते हुए 16 मैचों में 669 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 111 रन रहा है. वहीं नंबर 2 पर बैटिंग करते हुए 246 रन बनाए हैं. अगर ईशान की बात करें तो उन्होंने 5 वनडे मुकाबलों में नंबर 1 पर बैटिंग की है. इस दौरान 210 रन बनाए हैं. ईशान ने पांच मैचों में 3 अर्धशतक लगाए हैं. वे नंबर 2 पर बैटिंग करते हुए 2 मैच खेल चुके हैं. इस दौरान एक शतक लगाया है. अगर आंकड़ों के लिहाज से देखें तो भी राहुल को प्राथमिकता दी जा सकती है।














