BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

वनडे में लगातार 12वां टॉस हार कर भारत ने बनाया अनचाहा रिकॉर्ड, नीदरलैंड को पछाड़ा

भारतीय टीम ने वनडे में लगातार 12वां टॉस गंवाया है। टीम 2023 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के मैच के बाद से कोई टॉस जीत नहीं सकी है…

 

 

नईदिल्ली (ए)। चैंपियंस ट्रॉफी में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया। ग्रुप-ए का यह मुकाबला दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। यह लगातार पांचवीं बार रहा जब भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टॉस हारे हैं।

उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीनों मैचों में भी टॉस गंवाया था। चैंपियंस ट्रॉफी में भी यह सिलसिला जारी रहा। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया सीरीज जीतने में कामयाब रही थी। भारत ने 3-0 से इंग्लैंड का सूपड़ा साफ किया था। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ ग्रुप-ए का अपना पहला मुकाबला भी जीता था।

भारतीय टीम ने वनडे में लगातार 12वां टॉस गंवाया है। टीम 2023 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के मैच के बाद से कोई टॉस जीत नहीं सकी है। इस दौरान भारतीय टीम 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज, श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज, इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज, बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी मैच में टॉस गंवा चुकी है।

इस दौरान भारत ने पिछले 11 वनडे मैचों में से छह जीते हैं, जबकि चार में हार मिली है। एक मैच टाई रहा है। वनडे में लगातार सबसे ज्यादा टॉस हारने के मामले में भारत ने नीदरलैंड को पीछे छोड़ दिया।

भारत अब इस अनचाहे रिकॉर्ड में सबसे आगे है। नीदरलैंड की टीम मार्च 2011 से लेकर अगस्त 2013 तक लगातार 11 वनडे में टॉस हारी थी। वहीं, आईसीसी के नियमित सदस्य देशों में भारत के आंकड़े सबसे ज्यादा हैं।

 

Related Posts