भारत की ओर से सर्वाधिक सूर्यकुमार यादव (65) रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही, रुतुराज चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए…
नईदिल्ली (ए)। भारत ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले गए तीसरे मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 17 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार के तूफानी अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 184 रन बनाए हैं। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज की ओर से निकोलस पूरन ने सर्वाधिक 61 रन बनाए।
हर्षल पटेल ने तीन विकेट झटके- भारतीय गेंदबाजों में दीपक चाहर ने सिर्फ 11 गेंद ही फेंकी, जिसमें दो विकेट हासिल किए, लेकिन इसके बाद वह चोटिल हो गए। हर्षल पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर तीन, जबकि शार्दुल ठाकुर ने 33 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वेंकटेश अय्यर ने अपने हरफनमौला प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया, पहले बल्लेबाजी में सूर्यकुमार का अच्छा साथ निभाया और फिर 2.1 ओवर में 23 रन देकर दो विकेट झटके।
भारत की ओर से सर्वाधिक सूर्यकुमार यादव (65) रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही। रुतुराज चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जिसके बाद ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने दूसरे विकेट के लिए 36 गेंद में 53 रन की साझेदारी की। अय्यर 25 रन बनाकर आउट हुए। वहीं ईशान किशन तेज शुरुआत के बावजूद 31 गेंद में 34 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान रोहित 15 गेंद में 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
भारत ने इस जीत के साथ वेस्ट इंडीज को पूरे दौरे में क्लीन स्वीप कर दिया और इस तरह की यह उसकी दूसरी उपलब्धि बन गयी । इससे पहले 2017 में विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरे पर तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे, टी-20) में मेजबान श्रीलंका को 9-0 से क्लीन स्वीप किया था। उसके अलावा पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने दो-दो, जबकि ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज ने एक-एक बार ऐसा किया है।
सूर्यकुमार ने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 31 गेंद में सात छक्के और एक चौके से 65 रन की पारी खेली। वह पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए। उनके अलावा वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंद में चार चौके और दो छक्के से नाबाद 35 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। भारत ने अंतिम पांच ओवर में 86 रन जोड़े।
सूर्यकुमार ने तेज गेंदबाजी आल राउंडर वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिये 37 गेंद में 91 रन की भागीदारी की जिससे भारतीय टीम को मध्यक्रम के खिलाड़ियों के जल्दी आउट होने के बाद उबरने में मदद मिली। श्रेयस अय्यर (25) और ईशान किशन (34) ने महज 32 गेंद में 50 से ज्यादा रन की भागीदारी निभा ली थी लेकिन दोनों अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और सात गेंद के अंदर आउट हो गये।
That's that from the final T20I as #TeamIndia win by 17 runs to complete a 3-0 clean sweep in the series.
Scorecard – https://t.co/2nbPwNh8dw #INDvWI @Paytm pic.twitter.com/u5z5CzD44b
— BCCI (@BCCI) February 20, 2022
हेडन वाल्श (30 रन देकर एक विकेट) और रोस्टन चेज (23 रन देकर एक विकेट) की वेस्टइंडीज की स्पिन जोड़ी ने मध्य के ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। लेग स्पिनर वाल्श ने श्रेयस अय्यर को लांग ऑफ पर कैच आउट कराया जबकि चेज ने अगले ओवर में ईशान का विकेट झटका।
भारतीय बल्लेबाजी क्रम को नया लुक मिला जिसमें ईशान ने गायकवाड़ के साथ पारी का आगाज किया जबकि श्रेयस अय्यर तीसरे नंबर पर और कप्तान रोहित शर्मा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। पिछले साल जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में पदार्पण करने के बाद महाराष्ट्र की ‘रन मशीन’ रूतुराज हालांकि आठ गेंद ही खेल सके, लेकिन उन्होंने गेंद को अच्छी तरह टाइम किया। पर ज्यादा देर तक नहीं टिक सके।
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 मेगा नीलामी में सबसे ज्यादा मंहगे बिके ईशान का पहले दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने चौथे ओवर में रोमारियो शेपर्ड की चार गेंदों पर तीन चौके जमाये।















