BREAKING

Uncategorised

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रूद्रकुमार ने किया ‘जोड़ा जैतखाम‘ का लोकार्पण

रायपुर। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने आज आरंग विकासखंड के आमोदी ग्राम में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में नवनिर्मित ‘‘जोड़ा जैतखाम’’ का विधि-विधान से लोकार्पण किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग एवं अनुयायी उपस्थित थे। इस अवसर पर मंत्री गुरू रूद्रकुमार आरती-पूजा विधि विधान में भी शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्ष पूर्व सतनाम पंथ के प्रथम प्रणेता परम पूज्य बाबा गुरू घासीदास जी ने इस संसार में सत्य अंहिसा और शांति का संदेश दिया था, जिसका अनुसरण विश्व में किया जा रहा है। अपने धर्म संदेश के द्वारा उन्होंने सभी वर्गों, सम्प्रदायों एवं मानव समाज की एकता और भाईचारा पर विशेष जोर दिया। इस प्रकार उनके विचार युग-युगान्तर तक प्रासंगिक रहेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सतनामी समाज के लोगों की बहुलता है। उन्होंने समाज के लोगों को श्वेत पालो की तरह अपने चरित्र को साफ-सुथरा और स्वच्छ रखने मात्र से ही जीवन सफल हो जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने ग्रामवासियों की मांग पर टंकी निर्माण कर घर-घर में नल से जल देने की घोषणा की। इस अवसर पर मंत्री गुरू रूद्रकुमार का स्थानीय सतनामी समाज प्रमुख एवं वरिष्ठ सदस्य एवं महिलाओं द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान युवाओं ने पंथी नृत्य-गीत की प्रस्तुति दी। इस मौके पर गुरू प्रवक्ता डॉ. एम.के. कौशल, तिल्दा नगर पालिका उपाध्यक्ष सोनू मनहरे, जनपद सदस्य धोनी डहरिया, सरपंच श्री साहू सहित समाज के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts