रणजी ट्रॉफी मैच में आकाश कुमार चौधरी ने विस्फोटक बल्लेबाजी का नमूना पेश किया है। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाया है और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है…
नईदिल्ली (ए)। क्रिकेट पूरी दुनिया में धीरे-धीरे अपने पैर पसार रहा है। रोज कोई ना कोई क्रिकेट मैच हो रहा है और इसी वजह से रिकॉर्ड बन या टूट रहे हैं। भारत के घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के बीच मैच खेला जा रहा है। इस मैच में मेघालय की तरफ से खेलते हुए आकाश कुमार चौधरी ने कमाल की बल्लेबाजी की है और गेंदबाजों की बखिया उधेड़कर रख दी है।
आकाश कुमार चौधरी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 126वें ओवर में स्पिनर लिमर डाबी की गेंदों पर छह छक्के जड़े। इसके बाद उन्होंने अगली जो दो गेंदें खेली और उन पर छक्के लगाए। इसी के साथ उन्होंने लगातार 8 गेंदों में 8 छक्के जड़ दिए। वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार 8 गेंदों में 8 छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं और विस्फोटक बल्लेबाजी से यह ऐतिहासिक कीर्तिमान बनाया है।
आकाश कुमार चौधरी सिर्फ तीसरे ऐसे बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के एक ओवर में 6 छक्के लगाए हैं। उनसे पहले रवि शास्त्री और गैरी सोबर्स शामिल हैं। उन्होंने 11 गेंदों में फिफ्टी भी जड़ी है और वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी बने हैं।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में आकाश से पहले सबसे तेज फिफ्टी जड़ने का रिकॉर्ड लीसेस्टरशायर के वेन नाइट के नाम था। उन्होंने साल 2012 में 12 गेंदों में 12 गेंदों पर 50 रन बनाए थे, जबकि क्लाइव इनमैन ने 1965 में सिर्फ 13 गेंदों पर अपना अर्धशतक बनाया था। अब आकाश इन दोनों से आगे निकल गए हैं।
अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मैच में आकाश कुमार चौधरी 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे और उन्होंने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। मैच में उन्होंने कुल 14 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के शामिल रहे।
















