मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 के लिए हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया है. इससे पहले रोहित शर्मा टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे थे…
मुंबई (ए)। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 से ठीक पहले हार्दिक पांड्या को टीम का कप्तान बना दिया है. मुंबई ने पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रे़ड किया था. इससे पहले रोहित शर्मा टीम की कप्तानी संभाल रहे थे. रोहित लंबे वक्त तक टीम के कप्तान रहे. मुंबई ने उनकी मौजूदगी में पांच बार खिताब जीता. लेकिन अब रोहित को कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है. पांड्या गुजरात टाइटंस को चैंपियन बना चुके हैं।
मुंबई ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर बयान जारी करके पांड्या को कप्तान बनाने की बात शेयर की. मुंबई ने बयान में लिखा, ”मुंबई इंडियंस आज कप्तानी में बदलाव को लेकर घोषणा कर रही है. ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अगले सीजन में कप्तानी करेंगे. रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई अब तक सफल रही है.” टीम ने लिखा, हमारी टीम रोहित शर्मा के प्रति कृतज्ञ है. उनका 2013 से अब तक चला कार्यकाल शानदार रहा है. वे आईपीएल इतिहास के बेहतरीन कप्तानों में से एक हैं।
पांड्या इससे पहले गुजरात टाइटंस की कप्तानी कर रहे थे. गुजरात ने पांड्या की कप्तानी में एक खिताब भी जीता और टीम पिछले सीजन के फाइनल तक भी पहुंची. अगर हार्दिक के आईपीएल के निजी प्रदर्शन को देखें तो वह शानदार रहा है. पांड्या ने अब तक 123 आईपीएल मैच खेले हैं. इस दौरान 2309 रन बनाए हैं. इसके साथ-साथ उन्होंने 53 विकेट भी झटके हैं. हार्दिक का एक आईपीएल मैच में 17 रन देकर 3 विकेट लेना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है. वे इस टूर्नामेंट में 10 अर्धशतक भी लगा चुके हैं।
रोहित शर्मा मुंबई के सबसे सफल कप्तान रहे हैं. टीम उनकी कप्तानी में पांच बार चैंपियन बनी. मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीता. अगर रोहित के आईपीएल के निजी प्रदर्शन को देखें तो वह भी बेहतरीन रहा है. उन्होंने 243 मैचों में 6211 रन बनाए हैं. इस दौरान एक शतक और 42 अर्धशतक लगाए हैं. रोहित ने करियर का डेब्यू आईपीएल मैच अप्रैल 2008 में खेला था. रोहित ने डेक्कर चार्जेस की तरफ से खेलते हुए डेब्यू किया था।
मुंबई इंडियंस ने एक बयान जारी कर बता दिया है कि IPL 2024 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी हार्दिक पांड्या करेंगे. मुंबई इंडियंस के लिए यह फैसला आसान नहीं रहा होगा लेकिन पिछले तीन सीजन से टाइटल नहीं जीत पाने वाली अपनी टीम में बदलाव के लिए इस फ्रेंचाइजी को आखिरकार कुछ नया तो करना ही था।
पिछले तीन सीजन खराब रहे
मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2020 में IPL टाइटल जीता था. इसके बाद साल 2021 और 2022 में वह प्लेऑफ के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई. 2022 में तो हालत यह थी कि यह टीम पॉइंट्स टेबल में 10वें पायदान यानी सबसे आखिरी स्थान पर रही थी. 2023 में भी जैसे-तैसे यह टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई तो कर गई लेकिन फाइनल तक नहीं पहुंच सकी।
रोहित शर्मा का खराब कप्तानी दौर
बीते तीन आईपीएल सीजन में रोहित शर्मा की वह कप्तानी वाली धाक नजर नहीं आई, जिसके चलते वह बैक टू बैक मुंबई को टाइटल दिला रहे थे. इसके साथ ही इंटरनेशनल लेवल पर भी देखें तो रोहित शर्मा ने भारतीय टीम का कप्तान बनने के बाद तीन आईसीसी इवेंट खेले और तीनों में भारतीय टीम टाइटल नहीं जीत सकी. देश और फ्रेंचाइजी के लिए रोहित का हालिया कप्तानी रिकॉर्ड वाकई इन बीते दो-तीन सालों में कमजोर रहा है. यह एक बड़ा कारण है कि मुंबई ने रोहित को हटाने का फैसला किया।
टी20 में बेरंग नजर आ रहे रोहित, इस साल एक भी T20I नहीं खेला
रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में तो दमदार बल्लेबाजी कर रहे हैं लेकिन टी20 क्रिकेट में उनका बल्ला कुछ खास नहीं चल पा रहा है. पिछले दो-तीन सालों में उनका टी20 रिकॉर्ड ज्यादा बेहतर नहीं रहा है. साल 2022 में इंटरनेशनल लेवल पर भी वह टी20 में कुछ खास प्रभावित नहीं कर सके थे. वहीं आईपीएल में भी पिछले दो सीजन में उनकी बल्लेबाजी कमजोर रही है. इस साल तो वह एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं।
To new beginnings. Good luck, #CaptainPandya 💙 pic.twitter.com/qRH9ABz1PY
— Mumbai Indians (@mipaltan) December 15, 2023















