मौजूदा सीरीज में यह उनका दूसरा अर्धशतक है। यशस्वी जायसवाल के साथ हिटमैन पहले विकेट के लिए 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। यह 35वीं बार है जब रोहित ने वनडे में पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई है…
विशाखापत्तनम (ए)। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20000 रन पूरे कर लिए हैं। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले रोहित चौथे भारतीय बन गए। इससे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, राहुल द्रविड़ ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 हजार रन का आंकड़ा छुआ है।
सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में 34357 रन बनाए हैं, जबकि विराट कोहली अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 27910 रन बना चुके हैं। तीसरे स्थान पर राहुल द्रविड़ हैं जिन्होंने 24208 रन बनाए हैं। अब रोहित भी उन भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20000 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। रोहित भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले चौथे भारतीय हैं।















