भारतीय टीम ने राजकोट टेस्ट के पहले दिन अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. भारत ने पहले दिन 5 विकेट खोकर 326 रन बना लिए हैं…
राजकोट (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है. इस मैच के पहले दिन भारत ने 5 विकेट खोकर 326 रन बना लिए थे. भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाए हैं. मैच के पहले दिन भारतीय टीम के पहले 3 विकेट सिर्फ 33 रनों पर गिर गए थे. यहां से रोहित और जडेजा ने कमाल की बल्लेबाजी कर टीम को संभाला था. अब इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज नासिर हुसैन रोहित और जडेजा की बल्लेबाजी से इतने इंप्रेस हो गए हैं कि इंग्लैंड की टीम को उनके तरह ही खेलने की सलाह दे दी है।
नासिर हुसैन ने स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा कि इंग्लैंड को भारत के निचले क्रम को मैच के दूसरे दिन जल्द से जल्द समेटना होगा. इंग्लिश टीम को भारत को 400 से कम रन पर आउट करना होगा. यह उस तरह की पिच है जहां पहली पारी के रन बहुत महत्वपूर्ण होंगे. भारत पहली पारी में दो शतक के साथ अच्छा था. जब इंग्लैंड की टीम भी बल्लेबाजी करने आए तो उन्हें भी रोहित शर्मा और जडेजा की तरह क्रूर होना होगा. पिछले मैच में इंग्लैंड के कई बल्लेबाजों को 20,30,40 रनों की शुरुआत मिली. लेकिन आप शतक और बड़े स्कोर के सहारे टेस्ट मैच जीतते हैं।
मैच के पहले दिन भारत के 3 विकेट महज 33 रनों पर गिर गए थे. ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड भारत की पहली पारी को जल्द ही समेट देगा लेकिन क्रीज पर डटे रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा लड़ाई के लिए पूरी तरह से तैयार थे. दोनों ने एक साथ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 204 रनों की साझेदारी निभाई. पहली पारी में रोहित शर्मा 131 रन बनाकर आउट हुए तो रवींद्र जडेजा 110 रनों पर नाबाद हैं।
सरफराज खान ने अपने डेब्यू टेस्ट में 62 रनों की अच्छी पारी खेली, लेकिन इस बल्लेबाज को रन आउट होकर पवैलियन लौटना पड़ा. जिसके बाद सरफराज खान काफी निराश नजर आए. इसके अलावा सोशल मीडिया यूजर्स ने रवीन्द्र जडेजा पर भड़ास निकाली. सोशल मीडिया पर फैंस का कहना है कि रवीन्द्र जडेजा की गलती से सरफराज खान को पवैलियन लौटना पड़ा।
वहीं, इसके बाद ड्रेसिंग रूम में रवीन्द्र जडेजा ने क्या कहा? बहरहाल, सरफराज खान ने खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरी कहानी बयां की. सरफराज खान ने कहा कि उस समय वो सब गलतफहमी की वजह से हुआ था, लेकिन यह सब खेल का ही एक हिस्सा है. लेकिन इस रन आउट पर रवीन्द्र जडेजा का क्या रिएक्शन था? इस सवाल के जवाब में सरफराज खान ने कहा कि रवीन्द्र जडेजा कहा कि वो सबकुछ थोड़ी गलतफहमी की वजह से हुआ, लेकिन मैंने कहा कि ठीक है. साथ ही सरफराज खान ने बताया कि क्रीज पर रवीन्द्र जडेजा ने कैसे उनकी मदद की?
सरफराज खान ने कहा कि मुझे बात करके खेलना अच्छा लगता है. लिहाजा, मैंने पहली ही रवीन्द्र जडेजा से कह दिया था कि जब मैं बैटिंग करूं, तो बात करते रहें. उन्होंने मुझे काफी सपोर्ट किया. साथ ही उन्होंने लंच टाइम में काफी कुछ समझाया, जिसका फायदा मुझे बल्लेबाजी के दौरान मिला. इसके अलावा सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है. इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा सरफराज खान के रन आउट होने के बाद गुस्से से अपना आपा खो बैठे, साथ ही अपनी कैप फेंक दी।















