यूक्रेन के राष्ट्रपति हाल में ताकतवर यूरोपीय देशों के राष्ट्राध्यक्षों से मिले, ब्रिटेन-फ्रांस और जर्मनी ने हथियार पहुंचाने का वादा किया था, जिसके बाद रूस ने हमले तेज कर दिए हैं…
नईदिल्ली (ए)। यूरोप में रूस और यूक्रेन के बीच सालभर से जारी जंग थम नहीं रही. शुक्रवार को रूस ने एक घंटे में यूक्रेन पर 17 मिसाइलें दाग दीं. मिसाइलों से रूसी सेना ने यूक्रेन के एनर्जी सेंटर्स को निशाना बनाया. इससे पहले यूक्रेन के बिजली घरों पर भी हमले किए गए थे।
पहला ऐसा हमला जब एक साथ इतनी मिसाइलें दागीं यूक्रेन पर रूस का हमला शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे से हुआ, जब यूक्रेन के जपोरिजिया इलाके में मिसाइलें आकर गिरीं. द कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक, जंग की शुरुआत के बाद ये पहला ऐसा हमला जिसमें एक साथ इतनी मिसाइलें दागीं गई. रूसी सेना अब तक सैकड़ों छोटी-बड़ी मिसाइलें दाग चुकी है. खार्कीव के मेयर इगोर तेरखोव ने बताया कि रूसी सेना ने अपने हमलों में एनर्जी सेंटर्स को टारगेट बनाया था।
‘यूक्रेन ने 12 हमलों को कर दिया नाकाम’अमेरिकी अखबार न्यू यॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया कि रूस ने यूक्रेन के अलग-अलग शहरों पर शुक्रवार को 17 मिसाइलों के अलावा ड्रोन और रॉकेट्स के जरिए भी हमले किए. यूक्रेन के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने कहा कि यूक्रेन ने रूस के 12 हमलों को नाकाम कर दिया।
यूक्रेन ने यूरोपीय देशों से मांगी मदद रूस के हालिया हमले से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ब्रिटेन गए थे और वहां से उन्होंने फ्रांस का दौरा किया. बुधवार को जेलेंस्की पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और जर्मन चांसलर से मिले. इस मुलाकात में जेलेंस्की ने रूस को कड़ी चुनौती देने के लिए फ्रांस और जर्मनी से जल्द से जल्द फाइटर जेट्स और बड़े हथियार भेजने का आग्रह किया।
इस पर फ्रांसिसी राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा था कि उनका देश जीत, शांति, यूरोप और लोगों को उनके अधिकार दिलाने के लिए यूक्रेन के साथ खड़ा रहेगा. मैक्रों ने कहा था कि हम यूक्रेन को मदद पहुंचाने के लिए अपनी कोशिशें जारी रखेंगे. उसके बाद आज रूस ने यूक्रेन पर यह मिसाइल हमला किया है।















