जुलाई 2022 में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद द्रौपदी मुर्मू की पहली आधिकारिक विदेश यात्रा होगी, विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी के निमंत्रण पर चार से छह जून तक सूरीनाम की यात्रा पर रहेंगी…
नईदिल्ली (ए)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अगले महीने की शुरुआत में दो देशों की यात्रा पर जा रही हैं। वे अगले महीने सूरीनाम और सर्बिया की यात्रा पर जाएंगी। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह जुलाई 2022 में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद मुर्मू की पहली आधिकारिक विदेश यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी के निमंत्रण पर चार से छह जून तक सूरीनाम की यात्रा पर रहेंगी।
मंत्रालय के मुताबिक, मुर्मू सूरीनाम में संतोखी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी और इस देश में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। गौरतलब है कि पांच जून 1873 को 452 भारतीय मजदूरों को लेकर पहला जहाज सूरीनाम की राजधानी पारामारिबो पहुंचा था। इस मजदूरों में से ज्यादातर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले थे।









