BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू आज कश्मीर दौरे पर: श्रीनगर में हाई अलर्ट, उपराज्यपाल ने ली उच्चस्तरीय बैठक

राष्ट्रपति मुर्मू कश्मीर विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए श्रीनगर पहुंच रही हैं। उनके दौरे को लेकर श्रीनगर शहर को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है…

नईदिल्ली (ए)। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को कश्मीर दौरे पर आएंगी। राष्ट्रपति मुर्मू का राष्ट्रपति बनने के बाद यह कश्मीर में पहला दौरा होगा। वे कश्मीर विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए श्रीनगर पहुंच रहीं हैं। उनके दौरे को लेकर श्रीनगर शहर को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू श्रीनगर में टेक्निकल एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पहले वहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। बाद में वे कश्मीर विश्वविद्यालय जाएंगी। माना जा रहा है कि बादामी बाग स्थित सेना के 15 वीं कोर के मुख्यालय जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगी। संभावना है कि उन्हें जम्मू कश्मीर विशेषकर कि घाटी की स्थिति के बारे में सेना कमांडरों द्वारा जानकारी दी जाएगी।

श्रीनगर शहर समेत आसपास के इलाके में सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं। हर एक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि राष्ट्र विरोधी तत्व किसी भी नापाक मंसूबे को अंजाम न दे सकें। सोमवार से ही शहर के भीतर दाखिल होने वाली सड़कों पर जगह-जगह नाके लगा दिए गए हैं। हर आने जाने वाले की तलाशी ली जा रही है। लाल चौक में भी पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और सीआरपीएफ की क्विक एक्शन टीम द्वारा एरिया डोमिनेशन ड्रिल अंजाम दी जा रही हैं। शहर में बाइक वालों पर भी नकेल कसी जा रही है।

सूत्रों की मानें तो कश्मीर विश्वविद्यालय के आसपास के रिहाइशी इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी की गई है। कुछ इलाकों में घर वालों से उनके सदस्यों के बारे में भी जानकारी ली गई है। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की जम्मू कश्मीर की यात्रा से पहले व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की। जिसमें उपराज्यपाल ने माननीय राष्ट्रपति की उपस्थिति में होने वाले कश्मीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की तैयारियों का मूल्यांकन किया।

उपराज्यपाल ने सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की और राष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर एक सावधानीपूर्वक यातायात व्यवस्था को लागू करने का निर्देश दिए। बैठक में एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार, कुलपति कश्मीर विश्वविद्यालय प्रोफेसर नीलोफर खान, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ मनदीप कुमार भंडारी, संभागीय आयुक्त कश्मीर विजय बिधूड़ी, डीआइजी सीकेआर श्रीनगर सुजीत कुमार, आयुक्त एसएमसी अतहर आमिर खान, डीसी श्रीनगर मोहम्मद ऐजाज़ सहित आला अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं, पुलिस महानिदेशक(डीजीपी) दिलबाग सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गश्त, रात्रिकालीन उपकरण, सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित बनाने पर जोर दिया।

Related Posts