झारखंड की पूर्व राज्यपाल और राष्ट्रपति पद की एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज नामांकन करेंगी, नामांकन करने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात की….
नईदिल्ली (ए)। झारखंड की पूर्व राज्यपाल और राष्ट्रपति पद की एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज नामांकन करेंगी। नामांकन करने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात की। ओड़िशा की सत्तारूढ़ पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) और बिहार के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के समर्थन के बाद द्रौपदी मुर्मू का 16वां राष्ट्रपति चुना जाना तय माना जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से फोन पर बात की और उनसे राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के दौरान उपस्थित रहने का आग्रह किया. चूंकि पटनायक इटली के दौरे पर हैं, इसलिए उन्होंने अनुपलब्धता के लिए खेद जताते हुए अपने मंत्रिमंडल के दो सहयोगियों, जगन्नाथ सारका और टुकुनी साहू को द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर करने और नामांकन के दौरान मौजूद रहने को कहा है।
सारका, पटनायक मंत्रिमंडल में अनुसूचित जाति और जनजाति विकास मंत्री हैं, जबकि टुकुनी साहू के पास जल संसाधन, वाणिज्य और परिवहन मंत्रालय का जिम्मा है. पटनायक ने एक ट्वीट में कहा, ‘भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के संदर्भ में मुझसे बात की. मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगी जगन्नाथ सारका और टुकुनी साहू आज नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे और कल नामांकन कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।’
इस बीच, सारका और साहा केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के दिल्ली स्थित आवास पहुंचे और उन्होंने नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किये. इस अवसर पर बीजू जनता दल (बीजद) के नेता सस्मित पात्रा भी वहां मौजूद थे. मुर्मू बृहस्पतिवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित एनडीए के विभिन्न वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहेंगे. मुर्मू बुधवार को दिल्ली पहुंच गयीं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की।
बीजद के अध्यक्ष पटनायक ने मुर्मू को ‘राज्य की बेटी’ बताकर उनकी उम्मीदवारी का समर्थन किया है. उन्होंने बुधवार को राज्य विधानसभा के सभी सदस्यों से अपील की कि वे राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करें. ओड़िशा की 147 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ बीजद के 114 विधायक हैं. इसके अलावा भाजपा के 22 और कांग्रेस के 9 सदस्य और माकपा का एक सदस्य है. एक निर्दलीय विधायक भी है।
राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 18 जुलाई को होना है। इसके लिए नामांकन 29 जून तक भरा जा सकेगा और चुनाव परिणाम की घोषणा 21 जुलाई तक हो जायेगी. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है. विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को नामांकन दाखिल करेंगे। उन्हें विपक्ष के 13 दलों का समर्थन प्राप्त है।















