BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया पदभार ग्रहण

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार से पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली औपचारिक रूप से लागू हो गई है। इस नई व्यवस्था के तहत आईपीएस डॉ. संजीव शुक्ला ने रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर के रूप में शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। डॉ. संजीव शुक्ला ने जीई रोड स्थित नवस्थापित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में ज्वाइनिंग दी। इस अवसर पर शहर के सभी एसीपी, डीसीपी समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू करने की घोषणा की थी। इसके बाद से इस व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया चल रही थी, जो अब पूरी हो गई है। नई प्रणाली के तहत रायपुर जिले का पुनर्गठन करते हुए इसे दो पुलिस जिलों- रायपुर शहरी और रायपुर ग्रामीण में विभाजित किया गया है।

रायपुर शहरी क्षेत्र की पुलिसिंग की जिम्मेदारी अब पुलिस आयुक्त, रायपुर शहरी के पास होगी, जो पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) रैंक का अधिकारी होगा। पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने से कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, त्वरित निर्णय लेने तथा अपराध नियंत्रण में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

संजीव शुक्ला 2004 बैच के आईपीएस हैं। उनका सिलेक्शन 1990 में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से हुआ था। उनकी उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है। संजीव शुक्ला ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव जिले में पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। उनके बेहतरीन काम के लिए प्रेसिडेंट मेडल से सम्मानित किया गया है, जिससे उनका सर्विस रिकॉर्ड और भी मजबूत हुआ है। उन्हें 2010 और 2022 में दो अलग-अलग कैटेगरी में दो बार प्रेसिडेंट पुलिस मेडल मिला है।

Related Posts