रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर प्रदेश में राज्य स्तरीय उल्लास मेले में उल्लास साक्षरता अभियान का शुभारंभ करेंगे। राज्य स्तरीय उल्लास मेले का आयोजन रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 8 सितम्बर को किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक सहित जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
एससीईआरटी के संचालक श्री कटारा ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय उल्लास मेले में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित गतिविधियों के 10 स्टॉल लगाए जाएंगे। उल्लास साक्षरता अभियान के शुभारंभ और मेले का प्रसारण सोशल मीडिया के जरिए सभी ब्लॉक मुख्यालयों और पंचायत स्तर पर किया जाएगा।
गौरतलब है कि राज्य में शिक्षा और साक्षरता के प्रति जनजागरण के लिए 01 सितंबर से 07 सितंबर तक साक्षरता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेश के विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। 10वीं व 12वीं के बोर्ड परीक्षा के शिक्षार्थियों साक्षरता अभियान में योगदान के लिए उन्हें बोनस अंक भी दिया जाएगा। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के लिए ब्रांड एंबेसडर भी बनाये जायेंगे।
नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिलने पर मुख्यमंत्री ने दी पुलिस जवानों को बधाई: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिसबल के जवानों द्वारा 09 नक्सलियों के मारे जाने की खबर मिलने पर डीआरजी और सीआरपीएफ के वीर जवानों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित ही यह सुरक्षाबल के जवानों के लिए बड़ी सफलता है। मैं इस अभियान में शामिल सभी सुरक्षा अधिकारियों, जवानों की बहादुरी को सलाम करता हूं और बधाई देता हूं। नक्सलवाद के खात्मे तक हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी।
ज्ञात हो कि पुलिस की संयुक्त टीम की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अब तक 09 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इसके साथ ही बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों द्वारा 13 सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किए जाने की भी खबर प्राप्त हुई है। देश के गृहमंत्री अमित शाह पिछले दिनों छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए थे। इस दौरान उन्होंने नक्सल उन्मूलन के लिए 6 राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने पूनमचंद यादव के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव के निधन पर गहरा दुुःख व्यक्त किया है।
श्री साय ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री यादव के पिता के निधन की खबर से मुझे गहरा आघात लगा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने शोक की इस घड़ी में डॉ. मोहन यादव व उनके परिजनो के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्राथना की है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें।















