BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में पर्यावरण एवं जलवायु जागरूकता व संरक्षण हेतु किया जाएगा टास्क फोर्स का गठन

रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके के निर्देश पर राज्य के सभी शासकीय व निजी विश्वविद्यालयों में पर्यावरण एवं जलवायु पर जागरूकता एवं संरक्षण हेतु टास्क फोर्स के गठन के लिए राजभवन सचिवालय रायपुर द्वारा सभी विश्वविद्यालयों को पत्र भेजा गया है।  

उल्लेखनीय है कि नवम्बर 2021 में राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में संपन्न गवर्नर कांफ्रेंस में प्राप्त निर्देशों के तारतम्य में राजभवन सचिवालय द्वारा समस्त विश्वविद्यालयों को यह पत्र निर्गत किया गया है। गवर्नर कांफ्रेंस में प्राप्त निर्देशों के अनुसार वर्ष 2030 तक देश के पर्यावरण को स्वच्छ रखने और देश के आर्थिक विकास के लिए नवीकरणीय ऊर्जा के संबंध में लक्ष्यों के प्राप्ति हेतु विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए सभी विश्वविद्यालयों में टास्क फोर्स का गठन किया जायेगा।

इस संबंध में समस्त विश्वविद्यालयों को जल्द टास्क फोर्स का गठन करने एवं टास्क फोर्स द्वारा कृत कार्यो का प्रतिवेदन प्रत्येक माह में समय-सीमा के अंदर राजभवन सचिवालय रायपुर को प्रेषित करने को निर्देशित किया गया है।

सभी विश्वविद्यालयों में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का किया जायेगा आयोजन

राज्यपाल अनुसुईया उइके के निर्देश पर राज्य के समस्त विश्वविद्यालयों एवं उनसे सम्बद्ध महाविद्यालयों में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के आयोजन हेतु राजभवन सचिवालय द्वारा पत्र भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य के समस्त विश्वविद्यालयों एवं उनसे सम्बद्ध महाविद्यालय परिसर को हरा-भरा एवं स्व़च्छ रखने तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है।

Related Posts