BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

राज्यपाल अनुसुईया उइके को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया

रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके से राजभवन में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी ने मुलाकात की और आयोग के वर्ष 2021-22 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। राज्यपाल को वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किये जाने उपरांत इसे विधानसभा के पटल पर रखा जाएगा। इस अवसर पर आयोग के सदस्य डॉ. प्रवीण वर्मा, डॉ. सरिता उइके, सचिव जीवन किशोर ध्रुव, परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक तथा अपर परीक्षा नियंत्रक सी.पी. बघेल उपस्थित थे।

राज्यपाल अनुसुईया उइके से राजभवन में संवरा (सौंरा) समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों ने राज्यपाल को बताया कि मात्रात्मक त्रुटि के कारण अनुसूचित जनजाति का दर्जा न मिल पाने वाले 12 जनजातियों में संवरा समाज भी शामिल थे। उन्होंने राज्यपाल से कहा कि आपके विशेष प्रयासों तथा विभिन्न अवसरों पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा केन्द्रीय जनजातीय मंत्री से हुई मुलाकातों में आपने प्रभावी ढंग से इस विषय पर अपनी बात रखी थी। केन्द्र सरकार द्वारा गंभीरता के साथ तथ्यों की जानकारी ली गई और अंततः 12 जनजातियों को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने को स्वीकृति मिली, जिसमें संवरा समाज भी है। राज्यपाल को इस अवसर पर संवरा समाज ने कृतज्ञता स्वरूप साड़ी भेंट कर आभार जताया।

राज्यपाल अनुसुईया उइके से राजभवन में  रौतिया समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की। सदस्यों ने राज्यपाल को रौतिया समाज को अनुसूचित जनजाति में शामिल कराने हेतु किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार के साथ हुए विभिन्न पत्राचारों के फलस्वरूप राज्य सरकार से रौतिया जाति के संबंध में हुए अध्ययन की जानकारी मंगाई गई है। रौतिया समाज के लोगों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर आग्रह किया कि वे इस संबंध में अद्यतन जानकारी केन्द्र शासन को भेजे जाने हेतु आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान को निर्देशित करें। राज्यपाल ने प्रतिनिधियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Related Posts