नईदिल्ली (ए)। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर और कांग्रेस पार्टी के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। दो महीने पहले ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि प्रशांत किशोर को कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की तैयारी हो रही है लेकिन ऐसा लगता है कि ये तैयारियां पूरी नहीं हो सकीं। पहले प्रशांत किशोर ने लखीमपुर खीरी हिंसा के बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा और अब छत्तीसगढ़ के सीएम और पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने पीके पर पलटवार किया है। श्री बघेल ने प्रशांत किशोर के बयान का जवाब देते हुए बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा है और नंदीग्राम में हुई उनकी हार याद दिलाई है।
दरअसल, प्रशांत किशोर ने गुरुवार सुबह एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में पीके ने कहा कि जिन लोगों को लगता है कि लखीमपुर कांड की वजह से कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष त्वरित वापसी करेगा, वह गलतफहमी में हैं। पीके ने यह भी लिखा कि दुर्भाग्य से ग्रैंड ओल्ड पार्टी की गहरी समस्याओं और ढांचागत कमजोरियों को दूर करने के लिए कोई तात्कालिक समाधान नहीं है।
अब छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए लिखा है, ‘जो लोग अपनी सीट भी नहीं जीत सकते हैं, कांग्रेसी नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर के राष्ट्रीय स्तर पर विकल्प बनाने की सोच रहे हैं, उन्हें बड़ी निराशा हुई है।’ सीएम बघेल यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे लिखा, ‘दुर्भाग्य से, एक राष्ट्रीय विकल्प बनने के लिए गहरे और ठोस प्रयासों की आवश्यकता है। इसका कोई तात्कालिक समाधान नहीं है।’
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा हैं कि कांग्रेस के साथ बात न बन पाने के बाद प्रशांत किशोर पर्दे के पीछे से ममता बनर्जी के लिए काम कर रहे हैं और 2024 लोकसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी को राष्ट्रीय विकल्प के तौर पर पेश करने की तैयारी हो रही है। खुद ममता बनर्जी कई बार कह चुकी हैं कि उनका अगला लक्ष्य दिल्ली है। हाल ही में सुष्मिता देव और लुइजिन्हो फेलेरो सहित कई कांग्रेस नेता टीएमसी में शामिल हुए हैं।
People looking for a “national” alternative based on poaching INC functionaries who can’t win even their own seats is in for a big disappointment.
Unfortunately, to become a national alternative deep-rooted and concerted efforts are needed and there are no quick- fix solutions.
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) October 8, 2021
वहीं, इसी साल हुए बंगाल विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी ने हरा दिया था, वह भी तब जब पूरे राज्य में टीएमसी का प्रदर्शन पिछले चुनावों की तुलना में अच्छा रहा। हालांकि, अब ममता भवानीपुर से उपचुनाव लड़कर विधायक बन गई हैं। ऐसे में स्पष्ट है कि भूपेश बघेल का ट्वीट सीधे तौर पर प्रशांत किशोर और टीएमसी के साथ उनके गठजोड़ पर निशाना है।















