गुंडरदेही। प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार की ओर से गुंडरदेही स्थित सामुदायिक भवन में त्रिदिवसीय चित्र प्रदर्शनी के दूसरे दिन विविध प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों व प्रतिभागियों में भारी उत्साह रहा। प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय के प्रमुख शैलेष फाये ने बताया कि निंबध, रंगोली, व परिचर्चा के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के महत्व की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी स्थल के समीप मटका फोड़ व शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में महिला एवं पुरुष वर्ग में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के दूसरे दिन की शुरूआत परिचर्चा से हुई। परिचर्चा में पद्मश्री शमशाद बेगम व नगर पंचायत गुंडरदेही की उपाध्यक्ष रानू हेमंत सोनकर बतौर मुख्य अतिथि रहे। दोनों ने अपने वक्तव्य से ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के महत्व के बारे में समझाया। पद्मश्री शमशाद बेगम ने गीत गाकर लोगों को एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत एक है। इसे एक बनाने में अलग-अलग सभ्यता व संस्कृति का योगदान है। नगर पंचायत अध्यक्ष रानू हेमंत सोनकर ने कहा कि गुंडरदेही के लिए ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ प्रदर्शनी वरदान जैसा है। इस प्रदर्शनी से लोगों को काफी कुछ सीखने को मिल रहा है। उन्होंने लोगों से विविध संस्कृति को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
प्रदर्शनी में सीडीपीओ खिलेश्वरी नाग बतौर विशिष्ट वक्ता रहीं। उन्होंन स्कूली विद्यार्थियों को सुपोषण के बारे में जानकारी दी व महिला सुरक्षा में किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर संपर्क साधने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भी सभी से ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत सदस्य संध्या भारद्वाज ने भी लोगों को संबोधित किया।
प्रदर्शनी के दूसरे दिन प्रतिभागियों ने विविध प्रकार की रंगोली बना कर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के बारे में बताया। रंगोली के माध्यम से कई विद्यार्थियों ने गुजरात की संस्कृति, गुजरात के क्षेत्र, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान आदि के बारे में संदेश दिया। प्रतियोगिता में कुल 17 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में 23 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं का समन्वय क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी डाॅ. प्रेम कुमार ने किया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ तकनीकी सहायक प्रदीप विश्वकर्मा ने किया। उन्होंने सभी को गुजरात की सभ्यता व संस्कृति, नृत्य-संगीत की जानकारी दी। क्षेत्रीय प्रचार सहायक बीएस ध्रुव ने प्रश्न मंच का संचालन किया। इस अवसर पर संगीता चंद्राकार, चंद्रहास निरंकारी, सरिता निरंकारी, निधि स्वर्णकार, हिमेश्वरी शांडिल्य, मिथलेश साहू, रोशनी साहू, रागनी साहू, दानेश्वर साहू समेत अन्य उपस्थित रहे।
मौके पर स्थानीय महिलाओं के बीच मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में महिलाओं में खासा उत्साह दिखा।
प्रदर्शनी के दूसरे दिन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों ने खूब उत्साह से हिस्सेदारी ली।
प्रदर्शनी के आखिरी दिन देशभक्ति गीत गायन, भाषण, निबंध, प्रश्नमंच, मटकाफोड़, कबड्डी, रंगोली व पेंटिंगा स्पर्धा के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया जाएगा।













