लखनऊ (ए)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के लिए आज 10 जिलों की 57 सीटों पर कड़ी सुरक्षा में मतदान शुरू हो गया है। गोरखपुर में सीएम योगी अपने बूथ पर 6:58 बजे पहुंचकर सात बजते ही सबसे पहले अपना वोट डाला। उन्होंने गोरखनाथ क्षेत्र स्थित प्राथमिक पाठशाला कन्या पर बने मॉडल बूथ पर मतदान किया। इस बूथ पर सात मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सीएम योगी ने कमरा नंबर चार में बने बूथ पर सबसे पहले मतदान किया।
इस चरण में हाई प्रोफाइल गोरखपुर सदर सीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कुशीनगर के तमकुहीराज सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने वाले फाजिलनगर सीट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की परीक्षा है। वर्ष 2017 के पिछले विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल के इन 10 जिलों में 56.52 प्रतिशत मतदान हुआ था। चुनाव के पहले पांच चरणों में 2017 के चुनाव के मुकाबले मतदान प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में चुनाव आयोग ने पूरी कोशिश की है कि छठवें चरण में अधिक से अधिक मतदान हो।
छठे चरण में इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा है दांव पर- यूपी विधानसभा चुनाव के छठे चरण में जहां गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से खुद सीएम योगी आदित्यनाथ उम्मीदवार हैं वहीं इस चरण में योगी सरकार के मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी, श्रीराम चौहान, जय प्रताप सिंह, सूर्य प्रताप शाही, जयप्रकाश निशाद, बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की सीटों पर भी मतदान होना है।
स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर से मैदान में- इस चरण में हाल में मंत्री पद और भाजपा से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। वह कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से उम्मीदवार हैं। परसों वहां सपा और भाजपा समर्थकों के बीच मारपीट हो गई थी। कल शाम क्षेत्र में रुपए बांटने के आरोप में पुलिस ने स्वामी प्रसाद के बेटे अशोक मौर्य को थाने पर बैठा लिया था।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश चुनाव के छठे चरण के लिए गोरखपुर के प्राथमिक विद्यालय गोरखनाथ कन्या नगर क्षेत्र में अपना वोट डाला। pic.twitter.com/a4TLtDd8v4
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 3, 2022
सुरक्षा के कड़े इंतजाम- चुनाव आयोग के निर्देश छठे चरण में मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस और होमगार्ड के साथ ही केंद्रीय बलों के जवानों को भी तैनात किया गया है।
किस जिले में कितनी सीटों पर मतदान- गोरखपुर जिले की नौ, अंबेडकर नगर जिले की पांच, बलरामपुर जिले की चार, सिद्धार्थनगर जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है। इसके साथ ही बस्ती जिले की पांच, संतकबीरनगर जिले की तीन, महराजगंज की पांच, कुशीनगर, देवरिया और बलिया जिले की सात-सात विधानसभा सीटों पर मतदान होना है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदान करने से पहले गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर में पूजा की। pic.twitter.com/oLgXGFDXTF
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 3, 2022
इन जिलों में होना है मतदान- छठे चरण में सीएम योगी की कर्मभूमि गोरखपुर के साथ ही अंबेडकर नगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीरनगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और बलिया जिले में वोट डाले जाएंगे।















