पहली बार कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे यशस्वी जायसवाल ने उनके साथ मिलकर कई नए रिकॉर्ड बना दिए. दोनों के बल्ले से शतकीय पारी भी देखने को मिली…
नईदिल्ली (ए)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच में डोमिनिका के मैदान पर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. इस मैच के दूसरे दिन के खेल में भारत की तरफ से रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी. मेजबान विंडीज अपनी पहली पारी में सिर्फ 150 रन बनाकर पहले दिन के खेल में ही सिमट गई थी. इसके बाद पहली बार टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी करने उतरे यशस्वी जायसवाल ने कप्तान रोहित के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 229 रनों की साझेदारी की।
इसी के साथ भारतीय टीम ने टेस्ट इतिहास में पहली बार बिना कोई विकेट गंवाए पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने में कामयाबी पाई. वहीं वेस्टइंडीज में साल 2006 के बाद यह पहले विकेट के लिए भारत की तरफ से सबसे बड़ी साझेदारी है. इससे पहले साल 2006 में वसीम जाफर और वीरेंद्र सहवाग की जोड़ी ने 159 रनों की साझेदारी की थी, जिसे इस जोड़ी ने तोड़ दिया है।
टेस्ट क्रिकेट में भारत की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ यह पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी है. इससे पहले साल 2002 में वीरेंद्र सहवाग और संजय बांगर के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में 201 रनों की साझेदारी देखने को मिली थी।
भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में छठी बार ऐसा हुआ जब दोनों ओपनिंग बल्लेबाज शतक लगाने में कामयाब हो सके हैं. इससे पहले आखिरी बार यह कारनामा भारत के लिए मुरली विजय और शिखर धवन की जोड़ी ने बांग्लादेश के खिलाफ फातुल्लाह टेस्ट मैच के दौरान किया था।
रोहित शर्मा अपना 10वां टेस्ट शतक पूरा करने के बाद 103 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इस दौरान वह टेस्ट क्रिकेट में अपने 3500 रन पूरा करने में कामयाब हुए. रोहित का यह टेस्ट क्रिकेट में भारत के बाहर दूसरा शतक था. इससे पहले उनका पहला विदेशी टेस्ट शतक इंग्लैंड में आया था।









