मोहाली में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उसने यहां सात वनडे खेले हैं, जिसमें से छह में जीत हासिल की है। भारत के खिलाफ इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने पांच वनडे खेले हैं और चार में जीत हासिल की है…
मोहाली (ए)। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार को मोहाली में खेला जाएगा। विश्व कप से पहले दोनों टीमों की यह आखिरी वनडे सीरीज है। इसके बाद दोनों टीमें वनडे फॉर्मेट के महाकुंभ में उतरेंगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया, दोनों ही इस वनडे सीरीज को जीतकर अपनी तैयारियों को पुख्ता करना चाहेंगी। पैट कमिंस की अगुआई में ऑस्ट्रेलियाई टीम काफी मजबूत दिख रही है।
हालांकि, पहले वनडे में टीम को मिचेल स्टार्क और ग्लेन मैक्सवेल की सेवाएं नहीं मिलेंगी। दोनों अनफिट हैं। हालांकि, वे टीम के साथ भारत जरूर आए हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम की सबसे बड़ी खासियत टीम में विस्फोटक ऑलराउंडर्स की मौजूदगी है। मिचेल मार्श, कैमरन ग्रीन, मार्कस स्टोइनिस और शॉन एबॉट जरूरत पड़ने पर घातक गेंदबाजी और तूफानी बल्लेबाजी कर सकते हैं। इन्हें किसी भी क्रम में खिलाया जा सकता है।
मोहाली में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उसने यहां सात वनडे खेले हैं, जिसमें से छह में जीत हासिल की है। भारत के खिलाफ इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने पांच वनडे खेले हैं और चार में जीत हासिल की है। मोहाली में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने पिछले चारों वनडे गंवाए हैं। पिछली बार भारत ने इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से वनडे में 1996 में जीत हासिल की थी। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2006, 2009, 2013 और 2019 में खेले गए वनडे मैचों में हराया। ऐसे में केएल राहुल की अगुआई वाली टीम इंडिया को सावधान रहने की जरूरत होगी।
वहीं, भारत में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने 67 वनडे खेले हैं और 32 में जीत हासिल की है, जबकि टीम इंडिया को 30 मैचों में जीत मिली। पांच वनडे बेनतीजा रहे। भारत के खिलाफ उसके घर में भी ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड बेहतर है। ओवरऑल दोनों टीमें वनडे में 146 बार भिड़ चुकी हैं। भारत ने इसमें से 54 मुकाबले जीते हैं, जबिक ऑस्ट्रेलिया ने 82 मैच जीते हैं। 10 मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।
कुछ दिलचस्प आंकड़े-
- पिछले चार वनडे मैचों में रवींद्र जडेजा ने कुल 43 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उनके रिकॉर्ड में कुछ सुधार हो सकता है। कंगारुओं के खिलाफ 28 पारियों में जडेजा ने 24 की औसत और 74 के स्ट्राइक-रेट से 515 रन बनाए हैं। पैट कमिंस ने नवंबर 2022 के बाद से कोई वनडे मैच नहीं खेला है
- मोहाली में अश्विन ने वनडे में फेंके गए 29 ओवरों में केवल दो विकेट लिए हैं।
- वनडे में बतौर कप्तान केएल राहुल का औसत 19 का है।















