इस योजना में कोई भी निवेशक गोल्ड बॉन्ड खरीद सकता है, इस बांड के लिए मूल्य 5,197 रुपये प्रति ग्राम तय किया गया है…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय रिजर्व बैंक की सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना की वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी श्रृंखला सोमवार यानी आज से पांच दिनों के लिए खुल रही है। इस योजना के तहत सोने की खरीद पर छूट मिल रही है। इस योजना में कोई भी निवेशक गोल्ड बॉन्ड खरीद सकता है। इस बांड के लिए मूल्य 5,197 रुपये प्रति ग्राम तय किया गया है।
आरबीआई ने कहा, ऑनलाइन या डिजिटल माध्यम से स्वर्ण बांड खरीदने वाले निवेशकों के लिये बॉण्ड की कीमत 50 रुपये प्रति ग्राम कम होगी। ऑनलाइन निवेशक करने वालों के लिए स्वर्ण बांड का निर्गम मूल्य 5147 रुपये प्रति ग्राम है।
2015 में आई थी पहली योजना सरकार नवंबर 2015 से सॉवरेन गोल्ड बॉण्ड स्कीम चला रही है। पिछले वित्त वर्ष यानि 2021-22 में रिजर्व बैंक ने 10 किस्तों में गोल्ड बॉण्ड स्कीम पेश की जिसमें कुल 12,991 करोड़ रुपये के गोल्ड बांड जारी किए गए थे।
कितनी है खरीद सीमा इस योजना के तहत व्यक्तिगत खरीदार कम से कम एक ग्राम और अधिकतम चार किलोग्राम सोना खरीद सकता है। वहीं एचयूएफ के लिए यह सीमा 4 किलोग्राम और ट्रस्ट या ऐसी ही संस्थाओं के लिए सीमा 20 किलोग्राम है। ये गोल्ड बांड भारत के नागरिक, अविभाजित हिंदू परिवार (एचयूएफ), ट्रस्ट, विश्वविद्यालयों और धर्मार्थ संस्थाओं को ही बेचे जा सकते हैं।
long term profit tax माफ इस बांड पर Long Term Profit Tax माफ है। इस गोल्ड बांड स्कीम में पांचवें साल से निवेशक अपने पैसे निकाल सकते हैं। हालांकि इसकी परिपक्वता अवधि आठ साल की रखी गई है। साल 2015-16 में गोल्ड बांड स्कीम के पहले चरण में 2,684 रुपए प्रति ग्राम भाव तय किया गया था। अगर किसी ने इसे मई 2021 में भुनाया होगा तो उसे 80 फीसदी का मुनाफा मिला होगा क्योंकि उस समय इस बांड का भाव 4,837 रुपए प्रति ग्राम था।
खास बातें अपने ग्राहक को जानिए (केवाईसी) मानदंड वही होंगे जो भौतिक सोने की खरीद के लिए हैं। व्यक्तिगत खरीदार कम से कम एक ग्राम और अधिकतम चार किलोग्राम सोना खरीद सकता है।
यहां से खरीद सकते हैं Gold Bond
आरबीआई भारत सरकार की ओर से ये गोल्ड बॉन्ड जारी करता है. ये बॉन्ड बैंकों (स्मॉल फाइनेंस बैंकों और पेमेंट बैंकों को छोड़कर), स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, नॉमिनेटेड डाकघरों और मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों जैसे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज लिमिटेड के माध्यम से बेचे जाते हैं।
बॉन्ड का दाम सब्सक्रिप्शन अवधि से पहले के सप्ताह के अंतिम 3 कार्य दिवसों के लिए इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन लिमिटेड की तरफ से जारी किए गए 999 शुद्धता वाले सोने के बंद भाव के सिम्पल एवरेज के आधार पर तय किया जाता है।
















