रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राज्य अतिथि गृह पहुना में गुरु गद्दी एवं सतनाम विकास समिति-पताढ़ी धाम के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय को प्रतिनिधिमंडल के द्वारा जिला कोरबा के पताढ़ी धाम में गुरु घासीदास बाबा की 267 वीं जयंती के अवसर पर 23 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाले गुरु पर्व में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस अवसर पर लखन लाल लहरे, प्रदीप रात्रे, कमलेश अनंत आदि मौजूद थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मध्यप्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री हादसे पर दुख जताया: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मध्यप्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 11 लोगों की मृत्यु और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस दुर्घटना में दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने पूर्व राज्यसभा सांसद वीणा वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्यसभा की पूर्व सांसद वीणा वर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्रीमती वर्मा का नई दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।
बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे प्रसिद्ध कवि स्वर्गीय श्रीकांत वर्मा की पत्नी थीं। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार जनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
















