रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज यहां अपने निवास में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आत्मीय स्वागत किया। डॉ. यादव छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 24वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का मुख्य अतिथि के रूप में शुभारंभ करने छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव को शाल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री श्री साय को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने भी उन्हें मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रायपुर एयरपोर्ट पर हुआ आत्मीय स्वागत: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छत्तीगसढ़ राज्योत्सव 2024 के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए राजधानी रायपुर पहुंचे।
रायपुर एयरपोर्ट में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, जगदलपुर विधायक किरण देव, रायपुर ग्रामीण विधायक मोती लाल साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, आरंग विधायक गुरू खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने आत्मीय स्वागत किया।
















