BREAKING

खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों कक्षाओं के टॉपर विद्यार्थियों से वीडियो कॉल पर बात कर दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को जारी हुए दसवीं और बारहवीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम पर सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने दसवीं की टॉपर छात्रा सिमरन शब्बा और बारहवीं की टॉपर छात्रा महक अग्रवाल को बधाई देते हुए उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्री साय ने असफल विद्यार्थियों से निराश नहीं होने, निरंतर मेहनत करते रहने की बात कही।

अपने सोशल मीडिया हैंडल X में बधाई संदेश में उन्होंने लिखा है कि-शाबाश बेटियों। दसवीं-बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बिटिया सिमरन शब्बा और महक अग्रवाल को बहुत-बहुत बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

परीक्षा में उत्तीर्ण सभी बच्चों, अभिभावकगण एवं शिक्षकों को मेरी शुभकामनाएं और जिन बच्चों के परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आए उनको निराश नहीं होना है। निरंतर मेहनत करते रहें, भविष्य में और बेहतर करने के कई मौके मिलेंगे। एक दिन सफलता जरूर आपके कदम चूमेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दोनों कक्षाओं के टॉपर विद्यार्थियों से सीधे वीडियो काल पर बात कर बधाई दी. बच्चों के लिए अपने मुख्यमंत्री से इस तरह अचानक रुबरू होना बेहद आनंददायक अनुभव रहा.सीएम साय ने बच्चों से उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में भी पूछा।

अपने मुख्यमंत्री से सीधे वीडियो काल पर जुड़े भावविभोर बच्चों में से किसी ने आईएएस बनने, तो किसी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट, तो किसी ने बैंकिंग सेक्टर में जाने की योजनाएं बताई. सीएम साय ने उनकी हर मनोकामना पूरी होने की कामना की और उन्हें लगातार परिश्रम करते रहने को कहा. बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए मुख्यमंत्री ने बच्चों सहित उनके अभिभावकों और गुरुजनों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

ज्ञात हो कि कल छत्तीसगढ़ में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दसवीं और बारहवीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित किये. जिसमें दसवीं में क्रमशः जशपुर की सिमरन शब्बा, गरियाबंद की होनिशा और जशपुर के ही श्रेयांश यादव टॉप थ्री में रहे।

वहीं बारहवीं में क्रमशः महासमुंद की महक अग्रवाल, बलौदाबाजार की कोपल अम्बष्ठ और जशपुर की आयुषी गुप्ता और बलौदाबाजार की प्रीति टॉप थ्री में रहीं. दसवीं का परीक्षा परिणाम 75.61 प्रतिशत और बारहवीं का परीक्षा परिणाम 80.74 प्रतिशत रहा।

Related Posts