रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार को महानदी मंत्रालय भवन में केबिनेट की द्वितीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरूण साव एवं विजय शर्मा मौजूद थे। दिसम्बर माह के द्वितीय पखवाड़े में प्रस्तावित विधानसभा सत्र में प्रस्तुत होने वाले अनुपूरक बजट के लिए विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर गहन विचार-विमर्श कर अंतिम रूप देने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री से सारंगढ़ सतनामी विकास परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने की सौजन्य मुलाकात: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज यहां राजधानी रायपुर स्थित पहुना में सतनामी विकास परिषद सारंगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। परिषद के सदस्यों ने परमपूज्य बाबा गुरुघासीदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में ज्ञानस्थली सारंगढ़ में 20 दिसंबर को आयोजित जयंती कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने परिषद् के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया।
प्रतिनिधिमंडल ने इस मौके पर श्री साय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक केराबाई मनहर, कामदा जोल्हे, परिषद के अध्यक्ष देवनारायण वर्मा, उपाध्यक्ष नंदराम सुमन सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल थे।















