रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को नरक चतुर्दशी और छोटी दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली से एक दिन पहले कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को छोटी दिवाली मनाई जाती है, इसे नरक चतुर्दशी या रूप चौदस के रूप में मनाया जाता हैं।
मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध किया था। रूप चौदस का पर्व सौंदर्य से जुड़ा है। साथ ही इस दिन नकारात्मक शक्तियों के प्रभाव को दूर करने के लिए माँ काली और यम की पूजा का विधान है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छोटी दिवाली पर आप सभी के जीवन से चिंता और दुःखों का नाश हो। आप सभी को सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और संपन्नता प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के लिए माँगा आरोग्य का वरदान: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के निरोगी एवं सुखमय जीवन की कामना की।
उन्होंने प्रदेशवासियों को धनतेरस पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर श्री साय ने कहा कि समृद्धि व ऐश्वर्य के लिए धन के देवता कुबेर और आरोग्य के लिए भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है।
उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के लिए सुख-समृद्धि लेकर आए और भगवान धन्वंतरि सभी को आरोग्य प्रदान करें।
















