BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणेश चतुर्थी पर प्रदेशवासियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में भगवान गणेश की आराधना का पर्व पूरी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान बच्चे से लेकर बुजुर्गों तक सभी में आस्था और उत्साह का एक अनुपम संगम दिखाई देता है। लोगों में इसी एकता के भाव को जागृत करने के लिए लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक जी ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सार्वजनिक गणेश उत्सव की शुरूआत की थी। यह उत्सव अब सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण बन गया है।

मुख्यमंत्री आज सीतामढ़ी-हरचौका में राम वनगमन पर्यटन परिपथ के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज 19 सितम्बर को दोपहर 12 बजे राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा में मवई नदी के तट पर सीतामढ़ी-हरचौका में नवनिर्मित राम वाटिका एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री यहां श्री सीतामढ़ी मंदिर परिसर हरचौका में आयोजित रामायण महोत्सव में भी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री श्री बघेल इस कार्यक्रम के दौरान जिले को 359 करोड़ 83 लाख रूपए की लागत के 325 विकास कार्यों की सौगात देंगे। श्री बघेल इन कार्यों में से 156 करोड़ 47 लाख रूपए की लागत के 160 कार्यों का लोकार्पण तथा 203 करोड़ 36 लाख रूपए की लागत के 165 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।

सीतामढ़ी-हरचौका में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत 07 करोड़ 45 लाख रूपए की लागत से राम वाटिका एवं अधोसंरचना विकास के कार्य कराए गए हैं। मुख्यमंत्री यहां भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा, रामायण व्याख्या केन्द्र, कैफेटेरिया, सियाराम कुटीर, पर्यटक सूचना केन्द्र, नदी तट एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक और सामग्री का वितरण करेंगे।

कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू तथा संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत करेंगे। कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद कोरबा ज्योत्सना चरणदास महंत एवं लोकसभा सांसद बस्तर दीपक बैज उपस्थित रहेंगे।

Related Posts