रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने फोटोग्राफी के प्रति लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि विश्व फोटोग्राफी दिवस उन सभी फोटोग्राफर्स को समर्पित है जिन्होंने अपनी कला से दुनिया की खूबसूरती को कैमरे में कैद किया है। फोटोग्राफ इतिहास के साक्ष्य का बड़ा आधार होते हैं।
फोटोग्राफी के माध्यम से हम अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त और साझा कर सकते हैं। फोटो के माध्यम से हम लोगों को नया दृष्टिकोण दे सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मनोरम प्राकृतिक, ऐतिहासिक स्थलों के साथ सांस्कृतिक पहलुओं की फोटोग्राफी कर हम कई लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचा सकते हैं। यहां के पर्यटन और पुरातन संस्कृति की ओर आकर्षित कर छत्तीसगढ़ के विकास में अपना योगदान दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महाराजा चक्रधर सिंह की जयंती पर उन्हें किया नमन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कला साधक और संगीत विशेषज्ञ महाराजा चक्रधर सिंह की 19 अगस्त को जयंती पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ को देश के प्रमुख सांस्कृतिक केन्द्र के रूप में संवारने का श्रेय महाराजा चक्रधर सिंह को जाता है। उनका संगीत और शास्त्रीय नृत्य कला की गौरवशाली संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान है। उन्होंनेे कत्थक के विशिष्ट स्वरुप को विकसित किया, जिसे रायगढ़ घराने के नाम से जाना जाता है। साथ ही उन्होंने नृत्य और संगीत विधा की कई बंदिशों और साहित्यिक कृतियों की रचना भी की।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संगीत और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राजा चक्रधर सिंह सम्मान दिया जाता है। संगीत और नृत्य कला के संवर्धन और संरक्षण में महाराज चक्रधर सिंह के योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए हर वर्ष रायगढ़ में अखिल भारतीय चक्रधर समारोह का आयोजन किया जाता है, जिसमें देश के सुप्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराज चक्रधर सिंह को उनके संगीत और कला के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।















