रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा परिसर में स्थित अपने कार्यालय में वेदिका फाउंडेशन एवं गुनजंस आयोजन के संयुक्त तत्वाधान में अगस्त माह में आयोजित होने वाले कार्यक्रम नवसृजन एक परिचर्चा के पोस्टर का विमोचन किया। कार्यक्रम संचालिका गुंजन चौहान चंदेल ने बताया कि उक्त कार्यक्रम में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं एवं प्रयास पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में परिचर्चा हेतु विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा रहा है। साथ ही स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा उत्पादों को स्टॉल में प्रदर्शित एवं विक्रय किया जाएगा। यह कार्यक्रम रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर श्रुति जैन भी मौजूद थी।
मुख्यमंत्री ने किया पामगढ़ टाइम्स मासिक पत्रिका का विमोचन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पामगढ़ टाइम्स मासिक पत्रिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल को पामगढ़ टाइम्स के संपादक ने मासिक पत्रिका की विषयवस्तु तथा प्रमुख बिंदुओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने मासिक पत्रिका पामगढ़ टाइम्स के प्रकाशन पर पत्रिका से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री से पशुधन विकास विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ ने की सौजन्य मुलाकात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा विधानसभा में सरकारी कर्मचारियों के हित में किए गए घोषणाओं के बाद से उनमें भारी हर्ष व्याप्त है। कर्मचारीगण मुख्यमंत्री से लगातार मुलाकात कर उन्हें आभार व्यक्त कर रहे है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री से विधानसभा में पशुधन विकास विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ ने सौजन्य मुलाकात कर कर्मचारियों के हित में किए गए घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल में पशुधन विकास विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वेदराम सोनकर सहित संघ के सदस्यगण चोवाराम साहू, एस. कुमार नेताम, घनाराम साहू, मिनिष मिश्रा एवं दंतेश्वरी निषाद मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि कर्मचारी हित में मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अनुपूरक बजट में बुधवार को विधानसभा में कई बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने 4 प्रतिशत डीए वृद्धि, एचआरए के सातवें वेतनमान के आधार पर वृद्धि समेत कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की, जिसके बाद प्रदेशभर के अधिकारियों-कर्मचारियों में खुशी की लहर है।









