रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रशेखर आजाद की 27 फरवरी को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि श्री आजाद की देश भक्ति और साहस आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। मातृभूमि की आजादी के लिए उनमें अद्भुत जुनून था। आजाद जी ने संकल्प लिया था कि ब्रिटिश सरकार के सामने कभी घुटने नहीं टेकेंगे, आजाद हैं आजाद ही रहेंगे।
उन्होंने अपना संकल्प टूटने नहीं दिया और देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। श्री बघेल ने कहा कि चंद्रशेखर जी के बलिदान ने हजारों युवाओं के भीतर क्रांति की मशाल जला दी। उनका बलिदान अमूल्य है, जिसका ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री ने पंडित श्यामाचरण शुक्ल की जयंती पर उन्हें किया याद
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित श्यामाचरण शुक्ल की 27 फरवरी को जयंती पर उन्हें नमन किया है। श्री बघेल ने श्री शुक्ल के साथ बिताए समय को याद करते हुए कहा कि श्यामाचरण जी सरल सहज व्यक्तित्व के धनी होने के साथ एक कर्मठ राजनेता थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ और अविभाजित मध्यप्रदेश के लोगों की बेहतरी के लिए अनेक कार्य किए जिनके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।















