BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की ली सलामी: प्रदेशवासियों को दी बड़ी सौगात, बेरोजगारों को हर महीने मिलेगा बेरोजगारी भत्ता, पढ़िए पूरी घोषणाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज 74वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में हर्ष और उल्लास के वातावरण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। समारोह में सशस्त्र बल के जवानों द्वारा गार्ड आफ आनर दिया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को हलबी और छत्तीसगढ़ी में संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा– हमर भारत के सबले बड़े तिहार, गणतंत्र दिवस के बेरा म हमर सियान मन ल, दाई-दीदी मन ल, भाई-बहिनी- संगवारी अउ नोनी-बाबू मन ल जय जोहार…आज हमर संविधान के जय-जयकार करे के दिन हवय। आज जम्मो रहवइया मन, जम्मो मनखे मन के घलोक जय-जयकार करे के दिन हे। काबर के गणतंत्र के बिचार म जम्मो मनखे के अधिकार समाय हवय। इही हमर संविधान के खूबसूरती हे जेखर बर हमर पुरखा मन सहादत दीन अउ अंगरेज मन ल खदेड़ के हमन ल आजादी दिलाइस। ओखर पाछू अइसन संविधान बनाइन जेला खुद ‘हम भारत के लोग’ मन ह, खुद ल अरपित करे हन। याने के हर मनखे के संविधान हे जेखर सेती मतदाता मन के वोट ले सरकार बनथे। अइसन संविधान अउ लोकतंत्र ल बचाय के जिम्मेवारी अब हमर अउ अवइया पीढ़ी के हवय।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को दी बड़ी सौगात…

1. अगले वित्तीय वर्ष से बेरोजगारों को हर महीने बेरोजगारी भत्ता दिया जायेगा।

2. आगामी वित्तीय वर्ष से बस्तर संभाग, सरगुजा संभाग और प्रदेश के अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी समाज के पर्वों के उत्तम आयोजन के लिये प्रत्येक ग्राम पंचायत को 10 हजार रूपये प्रतिवर्ष प्रदान किया जाएगा।

3. महिला समूहों महिला उद्यमियों, महिला व्यवसायियों एवं महिला स्टार्ट अप को व्यापार उद्योग स्थापित करने हेतु नवीन योजना आरंभ की जायेगी ।

4. छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत को सहेजने और संजोने के बाद छत्तीसगढ़ को प्रगति पथ पर अनवरत आगे बढ़ाने के लिये राज्य में छत्तीसगढ़ राज्य नवाचार आयोग का गठन किया जायेगा ।

5. रायपुर एयरपोर्ट में यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने, एयरपोर्ट क्षेत्र के वाणिज्यिक विकास और रोजगार सृजन के लिये स्वामी विवेकानंद विमानतल के पास एरोसिटी विकसित किया जाएगा।

6. छत्तीसगढ़ में कुटीर उद्योग आधारित ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, रोजगार और लोगों की आय बढ़ाने के लिये ग्रामीण उद्योग नीति बनाई जायेगी।

7. उद्योग विभाग द्वारा विकसित औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित इकाईयों को संपत्ति कर के भार से मुक्त किया जायेगा ।

8. रायपुर और दुर्ग जिले की जीवनदायिनी और जन आस्था का केंद्र खारून नदी व्यापार और मनोरंजन का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र है। खारून नदी पर उत्कृष्ट रिवर फंट विकसित किया जाएगा।

9.बिजली बिल हाफ योजना को मिले उत्कृष्ट प्रतिसाद के बाद बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिये अत्याधुनिक ऑनलाईन शिकायत एवं निराकरण प्रणाली विकसित की जायेगी ।

10.छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में लगातार तीन साल पंजीकृत निर्माणी श्रमिकों को स्वयं का मकान बनाने हेतु 50 हजार रूपये अनुदान देने की योजना लाई जायेगी।

11. छत्तीसगढ़ की जनता की अगाध आस्था भांचा राम और माता कौशल्या में है । प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय रामायण / मानस मंडली महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

12. छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की धरती है अतः प्रतिवर्ष चंदखुरी में कौशल्या महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

Related Posts