रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर सभी के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। दीपोत्सव की पूर्व संध्या पर जारी अपने बधाई संदेश में उन्होंने कहा है कि रोशनी का त्यौहार दीपावली सबके जीवन और घर-आंगन को खुशियों और सुख-समृद्धि से आलोकित करे।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि हमारे जीवन में त्यौहारों से नई उमंग और स्फूर्ति आती है। धनतेरस से लेकर भाई-दूज तक 5 दिनों के दौरान आपसी मेल-जोल से परस्पर स्नेह की जड़ें और गहरी तथा मजबूत बनती है। धार्मिक आस्था के साथ त्यौहार हमारी परम्परा और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। इस दीपावली में हम स्नेह का दीपक जलाएं, जिसका प्रकाश हमारे जीवन में हमेशा बना रहे।
मुख्यमंत्री निवास में गोवर्धन पूजा 26 अक्टूबर को: इस वर्ष 25 अक्टूबर को सूर्यग्रहण होने की वजह से मुख्यमंत्री निवास पर गोवर्धन पूजा का आयोजन 26 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे किया जाएगा।
देवारी तिहार पर मुख्यमंत्री निवास में एलईडी लाईप, रंग-बिरगें कपड़ों से आकर्षक साज-सज्जा की गई है। खास बात यह है कि इस साज-सज्जा में छत्तीसगढ़ के स्थानीय परंपराओं और प्रतीकों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। मुख्य द्वार में एलईडी लाइट से शुभ देवारी तिहार लिखा हुआ और दोनों गेट में दिया का प्रतीक बनाया गया है, जो बहुत ही आकर्षक प्रतीत हो रहा है। वहीं प्रवेश द्वार के बाद छोटे-छोटे पेड़ पौधों को झालर लाइट से और रंग-बिरंगे कपड़ों से प्रवेश मार्ग को सजाया गया है। निवास के अंदर वाले गेट में भी एलईडी लाइट से बना दिया का प्रतीक भी मनमोहक दिखाई दे रहा है।















